मथुरा में 40 गायों का कंकाल मिलने से मचा हंगामा

सड़क जाम कर बैठे गो-रक्षकों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां

  • मथुरा में बड़ी संख्या में गोवंश के अवशेष मिले
  • भड़के लोगों और गोरक्षकों ने जाम किया हाइवे
  • ट्रैफिक जाम लगने के बाद पुलिस का बल प्रयोग

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा में शुक्रवार को 3 दर्जन से अधिक गायों के कंकाल एवं अवशेष मिलने के बाद नाराज लोगों ने मथुरा-वृन्दावन मार्ग जाम कर दिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि वृंदावन मार्ग पर स्थित प्रेम महाविद्यालय पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे जंगल से यह कंकाल बरामद किए गए। सड़क पर प्रदर्शन की वजह से लंबा जाम लग गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कॉलेज के पीछे धौरेरा गांव के जंगल में कुछ गायों के अवशेष मिले थे। उन्होंने बताया कि हो सकता है कि वे किसी गौशाला की गायें हों या फिर किसी गौपालकों द्वारा मृत गायों को वहां डाला जाता रहा हो। जिलाधिकारी ने बताया कि नगर निगम को मृत गायों का अंतिम संस्कार करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि सड़क जाम होने से स्थानीय निवासियों, छात्र-छात्राओं तथा बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। और अधिकारियों के काफी समझाने के बाद भी जब हंगामा कर रहे लोग नहीं माने तो पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर कर दिया। कंकाल और अवशेष के अनुसार गोवंश की संख्या 40 के करीब बताई जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि खबर फैलने के बाद कुछ लोगों ने अनावश्यक रूप से रास्ता जाम कर दिया। इससे करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। उन्होंने बताया चूंकि वर्ष के अंतिम माह में सप्ताहांत होने के कारण इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं और रास्ता जाम होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को काफी समझाने का प्रयास किया और जब वे नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाना पड़ा। उन्होंने गौशाला संचालकों पर लगे आरोपों की जांच कराने की बात कही और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button