फतेहपुर में कब्जा हटाने पहुंचे नायब तहसीलदार से महिला समेत चार ने की गाली-गलौज

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खागा में सरकारी चक मार्ग और नाली पर अवैध कब्जे की शिकायत को संज्ञान में लेकर नायब तहसीलदार, नगर पंचायत की टीम पुलिस बल के साथ मंगलवार शाम पश्चिमी बाईपास पहुंची। टीम ने जैसे ही जेसीबी से कब्जा हटाना शुरू किया तो कब्जाधारक कुल्हाड़ी, ईंट उठाकर नायब तहसीलदार के सामने आ गए और गाली-गलौज करने लगे। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और एक किशोर को चेतावनी देकर छोड़ दिया। इसके बाद कब्जा हटाकर नगर पंचायत का मार्ग सुरक्षित किया गया।
हथगाम थाना क्षेत्र के बेहटापर पलिया बुजुर्ग निवासी अमरनाथ ने 10 जनवरी को खागा कोतवाली में समाधान दिवस में शिकायत कर बताया था कि उनकी पत्नी रूपा देवी के नाम पर खागा से सटे संग्रामपुर सानी में पांच बिस्वा जमीन है। इस जमीन पर पहुंचने के लिए जो चक मार्ग है उस पर संग्रामपुर सानी गांव के एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। चक मार्ग पर कांटे, झाड़ी, ईंट-पत्थर रखकर मार्ग बंद कर दिया है। समाधान दिवस में शिकायत को अनसुना किया गया तो अमरनाथ ने शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर की।
मीडिया ने इस खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। इसे संज्ञान लेकर मंगलवार शाम नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, कानूनगो अरविंद सिंह, लेखपाल दिनेेश सिंह, लेखपाल अनिल, नगर पंचायत की टीम पुलिस बल के साथ चक मार्ग से कब्जा हटाने पहुंची। जेसीबी से ईंट पत्थर व झाड़ियां हटाई जाने लगी तो कब्जाधारक दो युवक, एक किशोर कुल्हाड़ी और उनकी मां पत्थर लेकर नायब तहसीलदार के सामने आकर गाली-गलौज करने लगे। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। जबकि मौके पर एक किशोर को चेतावनी देकर छोड़ दिया। इसके बाद जेसीबी से मार्ग को साफ कर दिया गया। नगर पंचायत ने पिलर लगा तारों से चक मार्ग सुरक्षित कर दिया। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों में संग्रामपुर सानी निवासी नीरज व वेद प्रकाश का शांतिभंग में चालान किया गया। एक किशोर को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। एसएसआई खागा केके यादव ने बताया कि शांतिभंग में दो युवकों नीरज व वेद प्रकाश का चालान किया गया है।




