कानपुर के चमनगंज में अखिलेश की जनसभा को नहीं मिली अनुमति, प्रशासन ने बताई वजह
Akhilesh's public meeting in Chamanganj, Kanpur was not allowed, administration told the reason

कानपुर/उत्तर प्रदेश। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की 13 नवंबर को कानपुर के चमनगंज नाला रोड पर होने वाली जनसभा को अनुमति नहीं मिली है। अब सपा नेताओं ने जनसभा कराने के लिए जीआईसी ग्राउंड मांगा है। यहां पर पार्टी नेताओं की टीम ने निरीक्षण भी किया। सपा नेताओं के मुताबिक प्रशासन ने घनी आबादी और तंग रास्ता होने की वजह से मंजूरी नहीं दी है।
पुलिस ने सपा नेताओं से कहा कि अखिलेश को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा हासिल है। नाला रोड पर जनसभा कराने से पूरा रास्ता बंद होगा। जनसभा होगी तो इमरजेंसी की स्थिति में वैकल्पिक रास्ता नहीं मिल सकेगा। इसलिए पुलिस ने एनओसी नहीं दी है। एनओसी न मिलने से सीसामऊ के रिटर्निंग ऑफिसर ने अनुमति नहीं दी।
सपा नगर महासचिव बंटी सेंगर ने बताया कि सपा मुखिया की चमनगंज में जनसभा को पुलिस ने सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं दी है। जीआईसी के लिए अनुमति मांगी गई है। सीसामऊ क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफसर रामशंकर के मुताबिक जीआईसी ग्राउंड की अनुमति सपा ने मांगी है। पुलिस की एनओसी के आधार पर पार्टी को अनुमति संबंधी जानकारी दी जाएगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जीआईसी में जनसभा के दौरान सीसामऊ के उन कार्यकर्ताओं और लोगों से मिल सकते हैं, जिन पर चुनावी सीजन में पुलिस और सरकारी विभागों ने कार्रवाई की है। इसके लिए पार्टी के नेता उनसे मिलने के लिए समय का एक हिस्सा निर्धारित कर रहे हैं। उन्हें जनसभा स्थल में ही अलग से मिलाने की तैयारी है। दरअसल, सपा नेताओं का कहना है कि सीसामऊ चुनाव में दबाव बनाने के लिए पुलिस और सरकारी विभाग सपा-कांग्रेस से जुड़े समर्थकों को जान बूझकर परेशान किया जा रहा है। सपा नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को हरेक नेता-कार्यकर्ता पर हुई कार्रवाई की जानकारी है।




