बुलंदशहर में डेढ़ लाख का इनामी बदमाश मारा गया, यूपी में 38 दिनों में चार एनकाउंटर
A criminal with a bounty of Rs 1.5 lakh was killed in Bulandshahr, four encounters in 38 days in UP

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। यूपी में जब से योगी सरकार बनी है, तब से बदमाशों के एनकाउंटर किए जा रहे हैं। आए दिन पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो रही है। इस बीच, रविवार तड़के बुलंदशहर में पुलिस ने डेढ़ लाख के एक इनामी बदमाश राजेश को एनकाउंटर में मार गिराया। बदमाश पर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। मारे गए बदमाश पर बुलंदशहर पुलिस और अलीगढ़ पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। बदमाश से एनकाउंटर के दौरान थाना प्रभारी अहार और एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को गोली लगी है।पुलिस एनकाउंटर में मारे गए बदमाश राजेश थाना अहार के सिहालीनगर गांव का निवासी थी। उस पर लूट, डकैती और गैंगस्टर के 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। पुलिस बदमाश राजेश को काफी दिनों से तलाश कर रही थी। रविवार तड़के पुलिस को मुखबिर से बदमाश राजेश के बारे में सूचना मिली। जानकारी होते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और बदमाश राजेश को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश राजेश मारा गया। पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर में थाना प्रभारी और एक सिपाही घायल है। दोनों खतरे से बाहर हैं।
उत्तर प्रदेश में पिछले 38 दिनों में चार बदमाश पुलिस एनकाउंटर में मारे गए हैं। पांच सितंबर को सुल्तानपुर डकैती कांड में एसटीएफ ने मंगेश यादव मार गिराया था। उस पर एक लाख का इनाम घोषित था। इसी मामले में 23 सितंबर को अनुज प्रताप सिंह को उन्नाव में एनकाउंटर में मार गिराया था। उस पर एक लाख का इनाम घोषित था। तीसरा एनकाउंटर 24 सितंबर को गाजीपुर में हुआ था। एसटीएफ ने जाहिद को एनकाउंटर में मार गिराया था। वह आरपीएफ जवानों की हत्या में आरोपी था। चौथा एनकाउंटर बुलंदशहर में रविवार तड़के हुआ है।




