कड़कड़डूमा कोर्ट में आरोपी ने जज के सामने टाइल से अपने ही साथी का काट दिया गला

कैसे आई कैदी के पास धारदार टाइल

नई दिल्ली। कड़कड़डूमा कोर्ट में रोजाना की तरह सोमवार सुबह भी भीड़-भाड़ थी। अडिशनल सेशन जज आलोक शुक्ला रूम नंबर 311 में सुनवाई कर रहे थे। कृष्णा नगर थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 98/2021 के तहत राज्य बनाम सरताज उर्फ गोलू अन्य का केस आइटम नंबर-13 पर लगा था। करीब 10:50 बजे अचानक कटघरे में खड़े जेल से आए आरोपी सलमान ने अपने ही केस के सह-आरोपी यूपी के लखीमपुर खीरी के अफसर (28) पर धारदार टाइल्स के टुकड़े से हमला कर गाल और गले को जख्मी कर दिया। कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई। अफसर का खून बहने लगा। पुलिसकर्मी ने हमलावर को काबू किया। अफसर को तुरंत हेडगेवार अस्पताल भेजा गया। कोर्ट रूम से बाहर बरामदे तक खून बिखर गया।पुलिस अफसरों ने बताया कि कृष्णा नगर के कांति नगर में 25 फरवरी 2021 में बदमाश सलीम की बेरहमी से हत्या हुई थी। सलीम को पहले गोली मारी गई, फिर चाकू से हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने सरताज उर्फ गोलू, सलमान, गुफरान उर्फ एलियन और अफसर को गिरफ्तार किया था। चार्जशीट में दावा किया कि सलीम पर कई केस थे, जिसका इलाके में दबदबा था। वह एरिया में अवैध काम करने वालों से रंगदारी वसूलता था। चारों आरोपी सलीम के लिए काम करते थे और काफी पैसा इकट्ठा करते थे, लेकिन हिस्सा कम मिलने से नाराज थे। सलीम गलती करने पर पिटाई भी करता था और केसों में फंसा देता था। इसलिए इन्होंने सलीम का मर्डर कर दिया।
मुख्य आरोपी सरताज उर्फ गोलू और सलमान रिश्तेदार हैं। सलमान को पुलिस ने साजिशकर्ता बनाया था। अफसर ने सलीम पर हमला नहीं किया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड ((सीडीआर) से पता चला कि वह उसे घर से लाया था। इस केस में सलमान और अफसर को जमानत मिल गई है। सरताज और गुफरान जेल में हैं। इस बीच पिछले साल सलमान गांधी नगर थाने में दर्ज लूटपाट और आर्म्स एक्ट के एक केस में जेल चल गया। सलीम मर्डर केस की मंडे को कोर्ट में सुनवाई थी। सलमान को जेल से लाया गया था, जबकि अफसर घर से आया था। कोर्ट रूम में जेल से आए सलमान ने बगल में खड़े अफसर के गाल और गले पर अचानक हमला कर दिया।
सलमान पहले भी हो चुका है हिंसक
पुलिस अफसरों ने बताया कि सलमान और गुफरान 16 अप्रैल 2024 को पेशी से जाते वक्त कोर्ट रूम के बाहर कुछ अनजान लोगों से लड़ने लगे थे। आरोपियों के रिश्तेदार भी उनकी तरफ भागे थे। इससे माहौल खराब हो गया था। दोनों को बमुश्किल संभाला गया। कड़कड़डूमा कोर्ट के लॉकअप इंचार्ज ने दोनों की विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी कराने की अप्लिकेशन दी थी। इसकी कोर्ट ने इजाजत दी थी। अंडर ट्रायल कैदियों को पेशी पर दिल्ली पुलिस की थर्ड बटालियन के जवान लाते हैं। जेल से वैन में बिठाकर इन्हें कोर्ट के लॉकअप में लाया जाता है। इसके बाद संबंधित कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जाता है। पुलिस अफसरों का कहना है कि पता लगाया जा रहा है कि सलमान टाइल जेल से लेकर आया था या किसी ने उसे कोर्ट में पकड़ाया था। फिलहाल फर्श बाजार थाने में धारदार हथियार से हमले की धारा में केस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button