दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन ई-सिगरेट चाकू बेचने वाले गैंग का किया भंडाफोड़, 15 गिरफ्तार

Delhi Police busted a gang selling e-cigarettes and knives online, 15 arrested

नई दिल्ली। प्रतिबंधित ई-सिगरेट और ऑनलाइन बटनदार चाकू बेचने वाले गैंग का दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 2710 ई-सिगरेट और 746 बटनदार चाकू बरामद किए हैं। आरोपी दो महीने में एक हजार से ज्यादा चाकू बेच चुके हैं। आरोपियों की पहचान पश्चिम विहार के विशाल, गगन मखीजा, मनीष बरेरा, करण बग्गा, मंगोलपुरी के पुनीत चंडोक, अमित शौकीन, गुड़गांव के आयुष मित्तल, सुरेश बिश्नोई, नांगलोई के सुनील कौशिक, छतरपुर के चेतन, सोनीपत के राजीव रेलिया के रूप में हुई है। इनके अलावा चाकू बेचने वालों की पहचान बुराड़ी के राहुल राज, गाजियाबाद के अजय कुमार, राजीव और गुजरात के वाराइया धीरज के रूप में हुई है।
डीसीपी (क्राइम) अमित कौशिक ने बताया कि एएसआई वीरेंद्र को अवैध रूप से ऑनलाइन ई-सिगरेट और बटनदार चाकू बेचने की सूचना मिली थी। इंस्पेक्टर शिवराज सिंह बिष्ट की लीडरशिप में बनी एसआई रवींद्र कुमार और सिमरजीत कौर की टीम ने पंजाबी बाग क्लब के पास दो कारों को रोका। कार से 380 पैकेट ई-सिगरेट रिकवर हुए। मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपियों के गोदाम में 2330 और ई-सिगरेट मिले, जबकि पांच बॉक्स में रखे 516 अवैध चाकू भी मिले। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राजीव रेलिया को अरेस्ट किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुंबई में वह गुजरात के भरत भाई के संपर्क में आया, जिससे ये चाकू खरीदने लगा। इन्हें ऊंचे दाम पर राहुल राज समेत दूसरे लोगों को बेचने लगा। पुलिस ने गुजरात में छापेमारी कर वाराइया धीरज उर्फ भरत भाई को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बाकी का माल इनसे बरामद किया। मुंबई में आरोपी फैयाज की गिरफ्तारी के लिए छापा मारा गया, जो फरार मिला। आरोपी अजय बटनदार चाकू को ऊंचे दाम पर ऑनलाइन बेच रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button