दिल्ली के स्पाइडर मैन का रील बनाने के चक्कर में ट्रैफिक पुलिस ने काट दिया हजारों का चालान

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। रील बनाने के चक्कर में लोग अजीबो गरीब हरकत कर रहे हैं, जिस कारण उन्हें कई बार खामियाजा भी भुगतना पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला द्वारका इलाके में सामने आया, जहां एक युवक स्पाइडर मैन की पोशाक में स्कॉर्पियो कार के बोनट पर बैठ स्टाइल मारता नजर आया। इसकी शिकायत सोशल मीडिया पर ट्रैफिक पुलिस से हुई, जिसके बाद कार मालिक और ड्राइवर पर कार्रवाई करते हुए 26 हजार रुपए का चालान काट दिया गया।
बता दें कि स्पाइडरमैन की पोशाक पहने शख्स की पहचान दिल्ली के नजफगढ़ में रहने वाले आदित्य के रूप में हुई है। जिसकी उम्र 20 साल है। कार पर स्टंट करने वाला युवक वही है, जो कुछ महीने पहले अप्रैल में स्पाइडर मैन की ड्रेस पहन गर्लफ्रेंड के साथ बाइक से निकल स्टंट करने की वजह से पकड़ा गया था। यह सब रील बना फेमस होने के लिए किया।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक शिकायत मिली, जिसमें बताया गया द्वारका की सड़कों पर घूम रही स्कॉर्पियो गाड़ी के बोनट पर एक व्यक्ति स्पाइडर मैन के पोशाक में बैठा है। ट्रैफिक पुलिस ने इस कार को रामफल चौक, द्वारका में रुकवा लिया। बोनट पर बैठ स्टंट मारने वाले युवक की पहचान नजफगढ़ निवासी आदित्य (20) के तौर पर र्हु जबकि घटना के समय कार गौरव सिंह (19) चला रहा था। गौरव महावीर एंक्लेव का रहने वाला है। ट्रैफिक पुलिस ने कार मालिक और चालक के खिलाफ खतरनाक ड्राइविंग, प्रदूषण प्रमाण पत्र के बिना गाड़ी चलाने और सीट बेल्ट नहीं पहनने के तहत कार्रवाई की, जिसमें 26 हजार रुपए का चालान किया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर से दोहराया सड़कों पर इस तरह के लापरवाह व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून बनाए रखने और सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की रक्षा के लिए ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है अगर कहीं खतरनाक ड्राइविंग या यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए कोई नजर आए तो उसकी फौरन शिकायत दर्ज कराएं।




