तालाब से निकले मगरमच्छ को ग्रामीणों ने पकड़ा, साथ ले गई वन विभाग की टीम

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। थाना गंगीगी के गांव बढारी बुजुर्ग में एक मगरमच्छ तालाब में रह रहा था, जिससे वहां ग्रामीणों को डर बना रहता था। 1 जून की रात को तालाब से निकले मगरमच्छ को ग्रामीणों ने पकड़ कर वन विभाग की टीम को सौंप दिया।
बढारी बुजुर्ग के पूर्व प्रधान प्रमोद गुप्ता ने बताया कि गांव के तालाब में पिछले दो साल से एक मगरमच्छ रह रहा था। ग्रामीणों को कई बार मगरमच्छ दिखाई दिया तो वन विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी गयी। मगरमच्छ को नहीं पकड़ा जा सका। जिससे गांव के लोग दहशत में जी रहे थे।
1 जून की रात को अचानक मगरमच्छ तालाब से निकलकर गांव में पहुंच गया। मगरमच्छ को देख कुत्ते भोंकने लगे तो ग्रामीणों ने एक मोटी से लकड़ी का सहारा लिया। मगरमच्छ को रस्सी से लकड़ी में बांध दिया। मगरमच्छ के निकलने और पकड़े जाने की सूचना वन विभाग को दी गई। 2 जून की सुबह सूचना पर गांव पहुंची वन विभाग की टीम ग्रामीणों द्वारा पकडे़ मगरमच्छ को साथ ले गयी।




