‘घर चले जाओ नहीं तो हम लठ्ठमार होली खेलेंगे’, इंदौर में रील वाली एसआई के वीडियो पर मच गया हंगामा

इंदौर/मध्य प्रदेश। इंदौर में होली पर एक महिला एसआई को रील बनाना भारी पड़ गया। रील बनाने के लिए महिला एसआई ने थाना मोबाइल से अनाउंसमेंट कर दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में परमार ने समझाइश देते हुए कहा कि जनता से निवेदन है, आचार संहिता का ध्यान रखें। अपने-अपने घर चले जाएं। 4 बजे तक होली खेलने का समय निर्धारित किया गया था। अपने घर पर रहे वरना पुलिस द्वारा लट्ठ मार होली का आयोजन किया जाएगा। वायरल वीडियो वरिष्ठ अधिकारी तक पहुंचा तो अधिकारियों ने कार्रवाई के आदेश दे दिए।
दरअसल, मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र का है। यहां पदस्थ लेडी एसआई खुशबू परमार होली पर क्षेत्र में भ्रमण पर थीं। इस दौरान वे गाड़ी में से ही सेट के माध्यम से लोगों को समझाइश दे रही थीं। वह कह रही थीं कि होली खेलकर शाम 4 बजे तक घर चले जाएं, वर्ना इसके बाद पुलिस की तरफ से लठ्ठमार होली खेली जाएगी। हालांकि इस तरह का कोई आदेश या कार्रवाई करने का नियम नहीं था। यह सब रील बनाने के लिए किया जा रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद डीसीपी ने एसआई पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंतोडिया ने कहा है कि एसआई के वायरल वीडियो की शिकायत मिली थी। जांच का आदेश दे दिया है। मामला होली के दिन का है। बता दें कि एसआई खुशबू परमार अपने इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती हैं। एसआई परमार के इंस्टाग्राम पर 45 हजार के करीब फॉलोअर्स है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button