तीन महीने में पेपर लीक की 826 शिकायतें मिली एसओजी को, सबसे ज्यादा एसआई भर्ती 2021 की

जयपुर/एजेंसी। राजस्थान में नई सरकार का गठन होते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पेपर लीक मामलों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। इस एसआईटी का प्रभारी सीनियर आईपीएस वीके सिंह को बनाया। वीके सिंह एसओजी के एडीजी हैं। एसआईटी का गठन होते ही एडीजी वीके सिंह ने एक हेल्पलाइन नंबर 9530429258 जारी किए थे। हेल्प लाइन नंबर जारी होने के बाद पेपर लीक संबंधी शिकायतों का अंबार लग गया। 21 फरवरी को जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर तीन महीने में कुल 826 शिकायतें आई। एडीजी वीके सिंह का कहना है कि हर शिकायत का सत्यापन गंभीरता से कराया जा रहा है। पेपर लीक मामले में लिप्त किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
एसओजी की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर यूं तो कई भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी शिकायतें मिल रही है लेकिन सर्वाधिक शिकायतें सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 से जुड़ी आ रही है। एसआई भर्ती 2021 से जुड़ी अब तक 225 शिकायतें दर्ज हो चुकी है। सीनियर आईपीएस वीके सिंह के मुताबिक शिक्षक और रीट भर्ती परीक्षा से जुड़ी 189, जेईएन भर्ती की 56, पीटीआई भर्ती की 35, प्रयोगशाला सहायक भर्ती की 36 शिकायतें दर्ज की जा चुकी है। इसी तरह एलडीसी भर्ती से जुड़ी 26 और वनपाल भर्ती से जुड़ी 14 शिकायतें मिली है। हर शिकायत का बारीकी से सत्यापन कराया जा रहा है।
अधिकतर भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक करने वाला जगदीश विश्नोई ही निकला। पिछले दिनों एसआईटी ने जगदीश विश्नोई को गिरफ्तार किया तो सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक का चौंकाने वाला खुलासा हुआ था। जिसके बाद एसओजी ने ट्रेनिंग कर रहे एक दर्जन से ज्यादा चयनित सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया था जिनमें 6 महिला थानेदार भी शामिल हैं। पेपर लीक माफिया भूपेंद्र सारण और अनिल कुमार उर्फ शेरसिंह मीणा को भी एसओजी गिरफ्तार कर चुकी है। शेरसिंह मीणा ने ही वरिष्ठ अध्यापक भर्ती 2022 के सामान्य ज्ञान का पेपर आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा से एक करोड़ रुपए में खरीदा था जिसे पेपर लीक माफियाओं तक पहुंचाने के बाद सैकड़ों अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पेपर सॉल्व करा दिया गया था।
पेपर लीक मामले में पुलिस करीब 100 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है लेकिन एक बड़ा माफिया अभी तक फरार है। उसका नाम है सुरेश ढाका। जनवरी 2023 से वह फरार है। पुलिस ने सुरेश ढाका पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है लेकिन वह अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा 2022 के सामान्य ज्ञान का पेपर सुरेश ढाका ने ही अपने साथियों भूपेंद्र सारण सहित अन्य सदस्यों के जरिए बेचा था। जयपुर में संचालित सुरेश ढाका की कोचिंग को जेडीए ध्वस्त कर चुकी है। कटारा, ढाका और सारण की संपत्ति को ईडी अटैच भी कर चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button