ग्वालियर के चर्चित सरपंच हत्याकांड का मुख्य आरोपी पीएफ कमिश्नर मुंबई से गिरफ्तार

ग्वालियर/मध्य प्रदेश। ग्वालियर में बन्हेरी गांव के सरपंच विक्रम रावत हत्या कांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 10 हजार के इनामी मुख्य आरोपी पीएफ कमिश्नर को मुम्बई एयरपोर्ट से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम पीएफ कमिश्नर को लेकर ग्वालियर के लिए निकल चुकी है। हत्याकांड के बाद से पीएफ कमिश्नर फरार चल रहा था। हत्याकांड में शामिल 11 आरोपियों को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।
9 अक्टूबर 2023 को बन्हेरी गांव के सरपंच विक्रम रावत की हमलावरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में 4 नामजद सहित 12 लोगों पर हत्या और हत्या के षड़यंत्र का मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों में मुख्य आरोपी इंदौर के पीएफ कमिश्नर मुकेश रावत को बनाया गया था। हत्याकांड से जुड़े सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन पीएफ कमिश्नर मुकेश रावत लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार था।
मुकेश रावत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। आखिरकार पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस ने आरोपी को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया, जिसे लेकर पुलिस मुंबई से ग्वालियर के लिए रवाना हो गई है। ग्वालियर पहुंचने के बाद इनामी हत्याकांड के मास्टरमाइंड से पुलिस हत्याकांड के संबंध में पूछताछ करेगी, क्योंकि बहुचर्चित हत्याकांड में यह आखिरी आरोपी है। इसमें सभी शूटर्स को पहले ही पकड़ा जा चुका है, मुख्य शूटर को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार किया था।
आपको बता दें कि सरपंच विक्रम रावत की हत्या के बाद उसके परिजन, समर्थक व अन्य लोगों ने बन्हेरी गांव में जमकर उपद्रव किया था। 17 घरों में जमकर तोडफ़ोड़, मारपीट, आगजनी और लूटपाट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने 70 लोगों पर एफआईआर दर्ज की थी। फिलहाल मास्टरमाइंड के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है और अब उससे पूछताछ के बाद कई खुलासे सामने आएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button