यूपी में आर्म्स लाइसेंस रिन्यूअल के लिए बीजेपी विधायक को देनी पड़ी रिश्वत

बुलंदशहर,(उत्तर प्रदेश)। सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का इससे ऊंचा लेवल और क्या होगा कि यहां विधायक को और वह भी सत्ताधारी दल के विधायक को अपना काम कराने के लिए घूस देना पड़ जाए। यह हैरतअंगेज कारनाम हुआ है उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में, जहां बुलंदशहर सदर के बीजेपी विधायक प्रदीप चौधरी असलहे का लाइसेंस रिन्यूअल कराने के लिए गए थे। चौधरी का आरोप है कि तीन असलहों का लाइसेंस रिन्यूअल करने के एवज में असलाह बाबू ने उनसे 35 हजार 500 रुपये रिश्वत में ले लिए। उन्होंने डीएम को चिट्ठी लिखकर इसकी शिकायत की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह इस मामले को सदन में उठाएंगे।
दरअसल, बुलंदशहर सदर विधायक प्रदीप चौधरी का परिवार गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहता है। उनका तथा उनके परिवार के असलहे का लाइसेंस गाजियाबाद से बना है। चौधरी ने बताया कि वह अपनी पिस्टल, राइफल और भाई की पिस्टल के लाइसेंस को रिन्यूअल कराने गए थे। इसकी कुल फीस 12 हजार 500 रुपये है लेकिन असलाह बाबू ने उनसे 48 हजार 500 रुपये मांगे। उन्होंने आपत्ति जताई तो बाबू ने कहा कि जितना कहा जा रहा है, उसने पैसे देने पड़ेंगे।
प्रदीप चौधरी ने उन्हें अपनी पहचान भी बताई और कहा कि वह विधायक हैं। फिर भी बाबू ने एक न सुनी। मजबूरी में चौधरी को पैसे देने पड़े। चौधरी ने दावा किया कि असलाह बाबू ने तो उनसे यहां तक कह दिया कि बिना सुविधा शुल्क दिए कोई भी काम नहीं होगा। इसकी शिकायत डीएम से की गई है। डीएम ने सीडीओ को जांच सौंपी है। वहीं, आरोपी असलाह बाबू शैलेष गुप्ता ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस नवीनीकरण का काम कई दफ्तरों में होता है। विधायक से रिश्वत किसी और ने ली होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button