मथुरा में जूना अखाड़े के साधु को धमकीः धर्म प्रचार बंद करो…नहीं तो काट देंगे गला

मथुरा,(उत्तर प्रदेश)। मथुरा में धर्म का प्रचार करने पर जूना अखाड़े के साधु को जान से मारने की धमकी मिली है। फोन करने वाले ने कहा कि धर्म प्रचार बंद कर दो, नहीं तो गला काट देंगे। मामले में पीएम मोदी और सीएम योगी को ट्वीट कर सुरक्षा की गुहार लगाई गई। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मामले में बिहार के रहने वाले दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जूना अखाड़े से जुड़े साधु स्वामी आत्मानंद भारती भजन कुटी आश्रम हरनौल में रहकर सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं। उनके शिष्य इंटरनेट मीडिया पर उनके उपदेश व सनातन धर्म का प्रचार को पोस्ट और शेयर करते हैं। उनके मोबाइल फोन पर दो दिन से अलग-अलग नंबरों से धमकी दी जा रही है। फोन करने वाला कहता है कि धर्म का प्रचार प्रसार बंद नहीं किया तो गला काट देंगे।
जब उनके शिष्यों को धमकी के बारे में पता चला तो उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ट्वीट कर सुरक्षा की मांग की। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की जानकारी ली। कोतवाल नरेंद्र यादव ने बताया कि स्वामी आत्मानंद भारती की तहरीर पर अकरम व मुइद्दीन निवासी बिहार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर की गई है। मामले की जांच की जा रही है।




