काशी में दिखा देव दीपावली का भव्य नजारा, दीयों की रोशनी से जगमगाए घाट

वाराणसी,(उत्तर प्रदेश)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में देव दीपावली मनाया जाता है। गंगा घाट के किनारे बसे शहरों में देव दीपावली के अवसर पर अलग रौनक होती है। वहीं, गंगा किनारे बसा देश का सबसे पुराना शहर काशी में भी देव दीपावली का नजारा बेहद अद्भुत रहता है। काशी के लिए देव दीपावली महापर्व है जो कि पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है। देव दीपावली के अवसर पर काशी के घाट पूरी तरीके से दुल्हन की तरह सज जाते हैं। इस बार भी कुछ इसी तरह का नजारा देखने को मिल रहा है। काशी के पूरे घाटों को झालर और दीपकों से प्रज्वलित कर दिया गया है। दीपावली के अवसर पर काशी में अलग-अलग तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पूरे काशी का माहौल हर्षोल्लास से भरपूर है। दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर सबको शुभकामनाएं दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा था कि भारत की प्राचीन संस्कृति, अध्यात्म और परंपरा के प्रतीक पर्व कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। पवित्र स्नान और दीपदान से जुड़ा यह अवसर हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे। काशी के घाट पूरी तरीके से जगमग हैं। काशी की देव दीपावली पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। देव दीपावली के अवसर पर पूरी दुनिया के लोग काशी आते हैं और यहां का भव्य नजारा देखने को मिलता है।
देव दीपावली के अवसर पर काशी का माहौल भी काफी भक्ति में होता है। यहां के अलग-अलग घाटों पर दीपों से नजारा अद्भुत हो जाता है। काशी में देव दीपावली के अवसर पर आज देश के अलग-अलग हिस्सों से भारी तादाद में लोग पहुंचते हैं। काशी में गंगा स्नान को बेहद पवित्र माना जाता है। काशी के प्रमुख घाटों में से एक दशाश्वमेध घाट पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए देव दीपावली की शुरुआत हुई। इस बार देव दीपावली का मुख्य कार्यक्रम राजघाट पर हुआ।




