उदित राज की बढ़ी मुश्किलें, राष्ट्रपति के खिलाफ टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने जारी किया नोटिस

नेशनल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ किए गए ट्वीट को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज की मुश्किलें लगातार बढ़ती हुई नजर आ रही है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने उनके इस ट्वीट को संज्ञान में लेते हुए नोटिस जारी कर दिया है। उदित राज के बयान की लगातार भाजपा की ओर से आलोचना की जा रही है। इन सबके बीच राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि महिलाओं के प्रति इस तरह बयान देने के लिए उदित जी अभ्यस्त है, उनके ऐसे ही बयान के लिए पहले भी राष्ट्रीय महिला आयोग ने रिकॉग्निजेंस लिया है। इस बार उन्होंने महिलाओं के लिए नहीं बल्कि सरकार के संवैधानिक प्रमुख के खिलाफ कहा है। उन्होंने इसलिए टारगेट किया क्योंकि वो महिला हैं? उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार उदित राज ने बयान दिया है वो निंदनीय हैं इसलिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस दिया है।

कांग्रेस नेता उदित राज ने ट्वीट कर कहा था कि द्रौपदी मुर्मू जी जैसा राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद्द है । कहती हैं 70% लोग गुजरात का नमक खाते हैं । खुद नमक खाकर ज़िंदगी जिएँ तो पता लगेगा। सफाई में उदित राज ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू जी से कोई दुबे, तिवारी, अग्रवाल, गोयल, राजपूत मेरे जैसा सवाल करता तो पद की गरिमा गिरती। हम दलित – आदिवासी आलोचना करेगें और इनके लिए लड़ेंगे भी। हमारे प्रतिनिधि बनकर जाते हैं फिर गूंगे-बहरे बन जाते हैं।भाजपा ने मेरा सम्मान किया,जब एससी/एसटी की बात की तो बुरा हो गया। उन्होंने आगे कहा कि द्रौपदी मुर्मू जी का राष्ट्रपती के तौर पर पूरा सम्मान है। वो दलित – आदिवासी की प्रतिनिधि भी हैं और इन्हे आधिकार है अपने हिस्से का सवाल करना। इसे राष्ट्रपती पद से न जोड़ा जाए।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता उदित राज द्वारा राष्ट्रपति मुर्मू के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द चिंताजनक, दुर्भाग्यपूर्ण। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है। कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने भी किया। यह उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अनुसूचित जनजाति वर्ग का अपमान करना शुरू से कांग्रेस की नीति रही है। उदित राज जैसे कांग्रेस नेताओं के बयान से ऐसा लगता है कि इन्होंने जनजाति वर्ग का अपमान करने की सुपारी ले रखी है। भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि उदित राज जैसे नेताओं को अपनी टुच्ची राजनीति से ऊपर उठना चाहिए। उन्हें सीखना चाहिए कि कैसे राष्ट्रपति का सम्मान किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button