हज के लिए 6500 किमी पैदल चले आदम, 11 महीने में पार किए 11 देश

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। कोरोना महामारी की वजह से पिछले दो सालों से रुकी रही मुस्लिमी की पवित्र हज यात्रा इस बार हो रही है। इसके लिए इराकी-कुर्द मूल के एक ब्रिटिश व्यक्ति ने इंग्लैंड के वॉल्वरहैम्प्टन से 6,500 किमी पैदल चलकर इस साल हज करने मक्का पहुंचे। 52 वर्षीय मोहम्मद आदम ने नीदरलैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, हंगरी, सर्बिया, बुल्गारिया, तुर्की, लेबनान और जॉर्डन से होते हुए सऊदी अरब पहुंचने के लिए 10 महीने और 25 दिनों में लगभग 6,500 किलोमीटर की दूरी तय की। उन्होंने 1 अगस्त, 2021 को यूके में शुरुआत की और पिछले महीने सऊदी अरब पहुंचे। अल जज़ीरा की एक रिपोर्ट के अनुसार आदम ने हर दिन औसतन 17.8 किमी की दूरी तय की और 300 किलोग्राम वजन वाली एक घर की गाड़ी बनाई थी। जिसमें उनकी जरूरत का सब सामान रखा था। इसके कारण उसका वजन 250 किलो हो गया था, वह इसे खींचते हुए ही चलते थे। अपने सफर के दौरान इसी गाड़ी में वे खाना बनाते, खाते और सोते भी थे। उन्होंने अपने लिए एक गोफंडमी पेज भी बनाया था। उन्होंने लिखा, “मैं यह सब केवल प्रसिद्धि या पैसे के लिए नहीं कर रहा हूं, बल्कि पूरी तरह से दुनिया को बताने के लिए कि हम इंसान सभी समान हैं, हमारी जाति, रंग, धर्म की परवाह किए बिना और शांति और एकता के संदेश को फैलाने के लिए जो हमारा धर्म इस्लाम सिखाता है।
रास्ते में लोगों ने जो प्यार बरसाया, उससे वे अभिभूत थे। उन्होंने टिकटॉक पर अपनी यात्रा का प्रसारण किया और उनके आधे मिलियन फॉलोअर्स हो गए। आदम जब मक्का पहुंचे तो उनका परिवार, दो बेटियां और रिश्तेदार उनका स्वागत करने पहले ही मक्का पहुंच गए थे। हालांकि नीदरलैंड पुलिस ने उन्हें रोक भी दिया था, लेकिन बाद में उन्हें सफर पर निकलने दिया।




