मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ‘कुर्ता धोती’ में पहुंचे चार्ज लेने, आईपीएस का अंदाज देख सब हैरान
मेरठ में नए एसएसपी की नियुक्ति की गई है। मेरठ पुलिस को लेकर लगातार गरमाए मामले के बीच एसएसपी ने पारंपरिक लुक में पहुंच कर हर किसी को हैरान कर दिया।

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ में पुलिस को लेकर गरमाए मामले के बीच नए एसएसपी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। दरअसल, मेरठ एसएसपी रहे अविनाश पांडे को लेकर शुक्रवार को दिन भर विवाद गहराया रहा। दिग्विजय सिंह भाटी और मोहित जाटव की पुलिस हिरासत में पिटाई के आरोप ने राजनीति गरमाई। मामले में सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने सरकार पर सवाल उठाए। वहीं, आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी इस मामले में हमला बोला। घटना को सरकार और प्रशासन के पर सवाल उठाने वाला करार दिया। इन तमाम विवादों के बीच मेरठ से अविनाश पांडे की विदाई हो गई। उनकी जगह झांसी के पूर्व एसएसपी बीबीटीजीएस मूर्ति ने मेरठ पुलिस कार्यालय पहुंच कर कार्यभार ग्रहण किया।
मेरठ के नए एसएसपी बीबीटीजीएस मूर्ति के अंदाज की चर्चा हो रही है। नए एसएसपी गुरुवार की रात स्थानांतरण आदेश जारी किए जाने के बाद शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। वे पारंपरिक भारतीय वेश-भूषा में नजर आए। उन्होंने कुर्ता और धोती पहन रखा था। अमूमन आईपीएस अधिकारी तबादलों के बाद नए स्थान पर पुलिस वर्दी में ही कार्यभार ग्रहण करने जाते हैं। ऐसे में बीबीटीजीएस मूर्ति के लुक की खूब चर्चा हो रही है। मेरठ पहुंचने पर अधिकारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
बीबीजीटीएस मूर्ति 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। यूपी कैडर में आने के बाद उन्होंने हिंदी सीखी। उनकी पहली पोस्टिंग गाजियाबाद में हुई थी। इसके बाद उन्होंने प्रदेश में अलग-अलग हिस्सों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। लखनऊ में इंटेलिजेंस के एसपी, कानपुर देहात एसपी और फिर कासगंज एसपी के तौर पर अपनी सेवा दी। अभी वे झांसी जैसे महत्वपूर्ण जिले की पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। कासगंज में अपराधी और माफियाओं पर एक्शन के कारण उनकी खूब चर्चा होती है।
झांसी एसएसपी के तौर पर बीबीजीटीएस मूर्ति का कार्यकाल 22 अप्रैल 2025 से अगस्त 2026 तक रहा। करीब 16 माह के दौरान झांसी पुलिस ने अपहरण, हत्या और साइबर ठगी जैसे कई गंभीर मामलों का खुलासा किया। उनके नेतृत्व में कटेरा इलाके के तीन गांवों में साइबर अपराध से जुड़े 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।




