कानपुर के प्राचीन शिव मंदिर में खजाने की तलाश में चोरों ने गर्भगृह खोदा, गांव वालों ने पुलिस से जताई नाराजगी
कानपुर के घाटमपुर इलाके में स्थित शिव मंदिर में दूर-दराज लोग दर्शन करने के लिए आते हैं। मंदिर की फर्श टूटी देखकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाली घटना प्रकाश में आई है। घाटमपुर में एक प्राचीन शिव मंदिर है। ग्रामीणों के बीच लंबे समय से इस बात की चर्चा चल रही थी कि प्राचीन शिव मंदिर के गर्भगृह में खजाना दबा हुआ है। इसकी भनक चोरों को लग गई। सोमवार रात चोरों ने खजाने के लालच में मंदिर के गर्भगृह को खोद डाला, जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
घाटममुर कोतवाली क्षेत्र स्थित मुगल रोड कैथा गांव के पास एक प्राचीन शिव मंदिर है। आसपास के ग्रामीण शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने आते हैं। इसकी साथ ही इस मंदिर में मांगलिक कार्यक्रम भी किए जाते हैं। इसके साथ ही दूर-दराज से भी लोग मंदिर के दर्शन और पूजा-पाठ करने के लिए आते थे।
मंदिर अतिप्राचीन होने की वजह से ग्रामीणों में इस बात की चर्चा है कि मंदिर के गर्भगृह में खजाना दबा है। इसे लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की कहानियां भी हैं। कई ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर में खजाना दबा है जिसकी रक्षा नाग-नागिन करते हैं। इसकी भनक चोरों को लग गई।
सोमवार रात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में घुसकर फर्श को खोद डाला। जानकारी के मुताबिक, चोरों के हाथ कुछ भी नहीं लगा है। जब मंगलवार सुबह ग्रामीण पूजा करने के लिए पहुंचे तो मंदिर की फर्श की खोदाई देखकर भड़क गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में कर रही है। वहीं, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश में जुटी है।




