कौशाम्बी में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
कौशाम्बी में जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया और नई डिजिटल प्रणाली की जानकारी दी गई। यह कार्य 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक मोबाइल एप और वेब पोर्टल के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत आगामी चरण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर तथा उप निदेशक जनगणना अजय द्वारा चार्ज अधिकारियों, सभी तहसीलदारों और अधिशासी अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को कार्य के प्रभावी संचालन, आवश्यक दिशा-निर्देशों और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए बिंदुवार मार्गदर्शन किया गया। बताया गया कि इस बार जनगणना कार्य को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए पहली बार मोबाइल एप और वेब पोर्टल के माध्यम से संपादित किया जाएगा, जिससे आंकड़ों का संकलन अधिक पारदर्शी, सटीक और त्वरित होगा।
जिला जनगणना अधिकारी शालिनी प्रभाकर ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों तक पहुंचाएं और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने बताया कि ग्राम और नगर निर्देशिका के लिए आंकड़ों का संकलन 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक नामित कार्मिकों द्वारा मोबाइल एप और वेब पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अपील की कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण गंभीरता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करते हुए तय समय में शत-प्रतिशत आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करें।




