कोलकाता में हटाई जाएगी लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति, हवा में झूलने की आई थी शिकायत

कोलकाता में स्थापित लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा को सुरक्षा कारणों से हटाया जाएगा। हवा में झूलने की शिकायत के बाद जांच में मूर्ति की संरचनात्मक मजबूती कमजोर पाई गई।

कोलकाता/एजेंसी। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में लगी लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची मूर्ति को सुरक्षा कारणों से हटाया जाएगा। ईएसपीएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि हवा चलने पर यह मूर्ति हवा में झूलती हुई दिखाई देती है, जिसके बाद प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई का फैसला लिया।
मेसी की यह विशाल मूर्ति पिछले साल दिसंबर में बनाई गई थी। इसे फीफा वर्ल्ड कप 2022 जीतने वाले अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके प्रशंसकों ने तैयार कराया था। मूर्ति में मेसी को वर्ल्ड कप ट्रॉफी पकड़े हुए दिखाया गया है। यह प्रतिमा उनके भारत दौरे GOAT टूर से पहले स्थापित की गई थी।
मेसी पिछले साल अपने इंटर मियामी टीम के साथियों के साथ भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली सहित चार शहरों का दौरा किया था। सोमवार को स्थानीय निवासियों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से शिकायत की कि तेज हवा चलने पर मूर्ति अस्थिर दिखाई देती है।
शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि मूर्ति की संरचनात्मक मजबूती कमजोर हो चुकी है और किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए इसे तुरंत हटाना जरूरी है। बताया जा रहा है कि इस मूर्ति को तैयार करने में कुल 27 दिन लगे थे। अब अधिकारी इसे दोबारा स्थापित करने के लिए किसी दूसरी सुरक्षित जगह की तलाश कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button