अमृतसर के गोल्डन टेंपल में प्यास बुझाने के लिए सेवादार के पास पहुंची बिल्ली

गर्मी के बीच अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में एक प्यासी बिल्ली को सेवादारों द्वारा रखी बाल्टी से पानी पीते देखा गया, जिसका वीडियो वायरल हो गया है।

अमृतसर/पंजाब। पंजाब समेत उत्तर भारत में गर्मी का सितम जारी है। तापमान 35 डिग्री से लेकर 42 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में पानी न केवल इंसानों को बल्कि हर जीव के लिए आवश्यक हो जाता है। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जो कथित तौर पर गोल्डन टेंपल का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सेवादारों द्वारा रखी गई पानी की एक बाल्टी के पास एक छोटी सी बिल्ली आती है। आमतौर पर इंसानों की भीड़ से दूर रहने वाला यह जीव, प्यास से इतना व्याकुल था कि वह बिना डरे बाल्टी के किनारे पर चढ़कर बड़े मजे से पानी पीने लगा
हैरानी और सुकून की बात यह रही कि वहां मौजूद श्रद्धालुओं और सेवादारों ने बिल्ली को भगाने के बजाय उसे शांति से पानी पीने दिया। कुछ लोग इस पल को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। वीडियो के इंटरनेट पर आते ही यह तेजी से वायरल हो गया।
इंस्टाग्राम और एक्स पर लोग इसे निस्वार्थ सेवा और सच्ची मानवता का प्रतीक बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “गुरु के घर में कोई प्यासा नहीं रहता, चाहे वह इंसान हो या जानवर। अन्य लोगों ने स्वर्ण मंदिर के प्रबंधन की सराहना की कि वहां हर जीव के लिए करुणा का भाव रखा जाता है।
गर्मी से न केवल इंसान बल्कि जीव जंतु भी डिहाइड्रेशन का शिकार हो सकते हैं। ऐसे में उनका ध्यान रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जरूरी है कि छतों, बालकनी या घर के बाहर पानी के सकोरे (मिट्टी के बर्तन) रखने चाहिए। संभव हो तो जानवरों के लिए छायादार जगह का इंतजाम करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button