ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा काट ले गए चोर, 426 किलो था वजन

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में महात्मा गांधी की 426 किलोग्राम वजनी कांस्य प्रतिमा चोरी हो गई है। यह प्रतिमा ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर के बाहर लगी हुई थी। महात्मा गांधी की इस प्रतिमा को नई दिल्ली स्थित इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (आईसीसीआर) ने तोहफे के तौर पर दिया था। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के लिए इसका सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक महत्व भी था। इस प्रतिमा का उद्घाटन 12 नवंबर 2021 को ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने किया था और इसके 24 घंटों के भीतर ही अज्ञात लोगों ने इसमें तोड़फोड़ की थी।
ऑस्ट्रेलिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह चोरी कथित तौर पर सोमवार को लगभग 12.50 बजे हुई। मेलबर्न पुलिस के अनुसार, तीन अपराधियों ने महात्मा गांधी की 426 किलोग्राम की प्रतिमा को उसके फाउंडेशन से काटने के लिए एंगल ग्राइंडर का इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही तस्वीरों में प्रतिमा को टखनों से काटा हुआ दिखाया गया है। ऐसे में प्रतिमा स्थल पर सिर्फ पैर ही बचे हैं।
पुलिस ने कहा कि विक्टोरिया पुलिस नॉक्स क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने शहर के स्क्रैप मेटल डीलरों को चेतावनी दी है कि वे कांस्य प्रतिमा बेचने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें। अभी तक चोरों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
इंडियन लिंक से बात करते हुए ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी चैरिटेबल ट्रस्ट के एक समिति सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि यह घटना बिल्डिंग के सीसीटीवी में आंशिक रूप से दिखाई दे रहा था और इसकी रिपोर्ट अगले दिन की गई। उन्होंने कहा, “हमें यह देखकर दुख हुआ कि एक राष्ट्रीय नेता की प्रतिमा चली गई है… एक सफेद वैन में बालाक्लावा पहने लोग आए थे… जानकारी पुलिस को दे दी गई है।”





