अदाणी ग्रुप की बड़ी छलांग, अब रियल एस्टेट और होटल बिजनेस में उतरा
लखनऊ-जयपुर समेत 4 शहरों में बनाई नई कंपनी

अदाणी समूह ने रियल एस्टेट और होटल व्यवसाय में विस्तार करते हुए चार नई कंपनियां बनाई हैं। अदाणी एंटरप्राइजेज की सहायक कंपनी ‘अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड’ के तहत ये कंपनियां मंगलुरु, जयपुर, लखनऊ और तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डों के आसपास ‘एयरपोर्ट सिटी’ और वाणिज्यिक बुनियादी ढांचे का विकास करेंगी।
नई दिल्ली/एजेंसी। अदाणी समूह एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने बिजनेस को विस्तार दिया है। दरअसल, इस ग्रुप ने रियल एस्टेट और होटल बिजनेस के लिए 4 नई कंपनियां बनाई हैं। अदाणी एंटरप्राइजेज ने शेयर बाजार को दी गई एक आधिकारिक जानकारी में बताया है कि उसकी सब्सिडियरी कंपनी ‘अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड’ ने चार नई कंपनियों का गठन किया है। इन चारों कंपनियों पर अदाणी ग्रुप का 100% मालिकाना हक होगा।
अदाणी ग्रुप इन नई कंपनियों के जरिए मंगलुरु, जयपुर, लखनऊ और तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट्स के आसपास ‘एयरपोर्ट सिटी’ और उससे जुड़े कमर्शियल इंफ्रास्ट्रक्चर (होटल, रिसॉर्ट आदि) का तेजी से विकास करने की तैयारी में है।
इन चारों में से प्रत्येक कंपनी की शुरुआती पेड-अप शेयर कैपिटल 10 लाख रुपये है। हर कंपनी में 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 1-1 लाख इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। इन शेयरों के लिए पूरा भुगतान नकद में किया गया है।
कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक, ये चारों नई कंपनियां मुख्य रूप से रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में काम करेंगी। इनके प्रमुख बिजनेस में शामिल होगा:
- अपनी या लीज पर ली गई प्रॉपर्टी से जुड़े रियल एस्टेट के काम।
- खुद या कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर बिल्डिंग और इमारतों का निर्माण करना।
- होटल, मोटल और रिसॉर्ट्स बनाना और शॉर्ट-टर्म ठहरने की सुविधा देना।
नई कंपनियों से जुड़ी डिटेल
अदाणी मंगलुरु एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (AMACL): 8 अप्रैल 2026
अदाणी जयपुर एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (AJACL): 8 अप्रैल 2026
अदाणी लखनऊ एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (ALACL): 9 अप्रैल 2026
अदाणी TRV एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (ATACL): 9 अप्रैल 2026




