गुरुग्राम पुलिस ने 20% ब्याज पर रुपये देने वाले 5 सूदखोरों को किया गिरफ्तार
7 लाख देकर वसूले 15 लाख, फिर भी धमका रहे थे

गुरुग्राम। शिवाजी नगर थाना पुलिस में 20 फीसदी ब्याज पर रुपये देने वाले सूदखोरों पर शिकंजा कसा है। आरोपित 7 लाख देकर दुकानदार से 15 लाख रुपये वसूल लिए, फिर भी और रुपये देने की अवैध मांग कर रहे थे। पीड़ित की दुकान पर जाकर आराेपितों ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर मामले में सोमवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर ललित, नितिन, प्रवीण, हिमांशु व संजय और दो अन्य व्यक्तियों से 7 लाख रुपये उधार लिए थे, जिनके बदले वह 20 फीसदी ब्याज के साथ करीब 15 लाख रुपये वापस लौटा चुके हैं, फिर भी उपरोक्त व्यक्ति 25 लाख रुपयों की अवैध मांग कर रहे हैं और रुपये न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
बीती सात सितंबर को आरोपितों ने उनकी दुकान पर आकर गाली-गलौच व मारपीट की। इस दौरान 64 हजार रुपये छीनने की कोशिश करते हुए गोली मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं आरोपितों ने उनके पिता के एसबीआई बैंक खाते से पांच-पांच लाख रुपये के तीन चेक और दोनों भाइयों के खाली हस्ताक्षरित चेक जबरन रखे हुए हैं, जिन्हें दुरुपयोग करने की भी धमकी देते हैं।
थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जबरन वसूली करने वाले पांच सूदखोरों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान जिला रोहतक के अजीत कॉलोनी निवासी कृष्ण उर्फ नितिन व रोहतक के ही गांव कबूलपुर निवासी हिमांशु, संजय, ललित व प्रवीन के रूप में हुई है। आरोपित वर्ष 2022-23 से ब्याज पर पैसे देने का काम कर रहे हैं। पुलिस आगामी कार्रवाई के लिए आरोपितों को अदालत में पेश करेगी। मामले की जांच की जा रही है।




