बांग्लादेशी महिला सोनिया अख्तर का ग्रेटर नोएडा के पति पर आरोप

ग्रेटर नोएडा। एक वर्ष के बेटे के साथ बांग्लादेश से नोएडा आई सोनिया अख्तर ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बांग्लादेश से अपने पति की तलाश में एक साल के बच्चे के साथ आई महिला सोनिया अख्तर के मामले की जांच एसीपी महिला सुरक्षा कर रही हैं। बांग्लादेशी महिला का दावा है कि नोएडा के रहने वाले सौरभकांत तिवारी ने उसके साथ बांग्लादेश में निकाह किया है। दोनों का एक बच्चा है। वहीं, सौरभकांत तिवारी का आरोप है कि हनीट्रैप में फंसाकर महिला ने शादी की थी। धर्म परिवर्तन कराया गया। बांग्लादेशी महिला ने पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए अपने एक साल के बच्चे के लिए पिता का प्यार और उसका हक मांगा है। सोनिया अख्तर 3 अगस्त को बांग्लादेश से भारत आई थी।
बांग्लादेशी महिला सोनिया अख्तर का पति सौरभकांत तिवारी ग्रेटर नोएडा में शिवालिक होम्स हाउसिंग सोसाइटी में अपने परिवार के साथ रहता है। परिवार में पत्नी और एक 20 वर्ष का बेटा है। जांच में पता चला है कि सौरभकांत तिवारी बांग्लादेश कंपनी की तरफ से वर्ष 2021 में नौकरी करने गया था। वही पर सोनिया के साथ निकाह किया था।
सोनिया अख्तर ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि सौरभकांत तिवारी ढाका की एक कंपनी कल्टी मैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में काम करता था। इसी दौरान 14 अप्रैल 2021 को सौरभ ने बांग्लादेश में ही मेरे साथ निकाह किया था। जब उसके पेट में सौरभकांत का बच्चा पल रहा था तो वह उसे छोड़ कर भारत आ गया। सौरभ बांग्लादेश में 4 जनवरी 2017 से 24 दिसंबर 2022 रहा था। महिला का कहना है कि सौरभकांत ने उससे कहा था कि वह वापस आएगा, लेकिन वह वापस अभी तक नहीं लौटा। अब सोनिया एक साल के बेटे के साथ सौरभकांत तिवारी को ढूंढते हुए नोएडा आ पहुंची है।
घर पहुंचने पर महिला ने कहा दूसरी पत्नी के बारे में पता चला
भारत आने के बाद वह सबसे पहले अपने पति सौरभकांत के घर पहुंची थी। घर पहुंचने पर पता चला कि सौरभकांत की एक और पत्नी है और दो बच्चे हैं, जो बालिग हैं। सौरभकांत ने सोनिया को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। बीते शुक्रवार को महिला अपनी फरियाद और इंसाफ की मांग को लेकर पुलिस के पास पहुंची। अब मामले की जांच थाना पुलिस से एसीपी महिला सुरक्षा को दी गई है। बांग्लादेशी महिला के ठहरने का इंतजाम नहीं होने के चलते सखी वन स्टॉप शेल्टर में रखा गया है।
सोनिया अख्तर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रही थी
वहीं, सौरभकांत के अनुसार, वह वर्ष 2017 से वर्ष 2022 तक बांग्लादेश में एक कंपनी में कार्यरत रहे। सोनिया उनसे फरवरी 2021 में किसी काम को लेकर मिलीं। सोनिया ने ही उनसे नजदीकियां बढ़ाईं। इसी बीच दोनों काफी करीब आए। सोनिया ने उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। फोटो और वीडियो से उनको डरा धमका कर शादी का दबाव बनाया। अप्रैल 2021 में दबाव में शादी हुई। सौरभकांत का कहना है कि उनकी भारत में रह रहे पत्नी और बच्चों के बारे में सोनिया को पहले से ही सब पता था। बांग्लादेश से नौकरी चली जाने के बाद सोनिया को सब कुछ बताकर ही भारत लौटा था। इसी फोटो और वीडियो के जरिए उनको ब्लैकमेल किया जा रहा है। पुलिस की पूछताछ में भी सौरभकांत तिवारी ने यही जानकारी बताई है।
शेल्टर होम सोनिया को रखा गया
डीसीपी महिला सुरक्षा प्रीति यादव ने बताया कि महिला भारत आने के बाद सबसे पहले अपने पति के पास पहुंची थी। इसके बाद वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस से मिली। सौरभकांत किसी के वर्क परमिट पर बांग्लादेश गए थे। सोनिया का कहना है। इसी दौरान सौरभकांत ने उनके साथ निकाह किया और मुस्लिम धर्म कबूल किया। दोनों का एक बेटा है, जिसको साथ लेकर सोनिया आई है। महिला का दावा है कि सौरभकांत और उसकी शादी को दो साल से ज्यादा वक्त हो गया है। सोनिया ने अपने और अपने बेटे के भारत आने के सभी दस्तावेज दिए हैं। मामले की जांच एसीपी कर रही हैं। सोनिया के ठहरने का इंतजाम नहीं होने से उसको शेल्टर में ठहराया गया है। पुलिस ने सौरभकांत से भी बात की है।




