ओवर स्पीड के चलते अनियंत्रित हुई मोटर साईकिल , युवक की मौके पर हुई मौत

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में अविरल सोनकर (15) की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अविरल, पुत्र गोविंद सोनकर, वार्ड नंबर 3 निवासी किशनपुर, अपनी नानी के घर कनवार (थाना सैनी, जिला कौशांबी) शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी के बाद वे वहीं रुके हुए थे। शुक्रवार को अपनी बहन के गांव पुरमई जाने के लिए वे अपने मामा के लड़के शत्रुधन सोनकर के साथ मोटरसाइकिल (हीरो होंडा UP71F9961) से निकले।
बिछिंयावां मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पड़े टूटे पोल से टकरा गई। हादसे में अविरल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें एम्बुलेंस द्वारा सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अविरल दो भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर पर थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। खखरेरू थानाध्यक्ष विद्याप्रकाश सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह दुर्घटना क्षेत्र में गहरी संवेदना छोड़ गई है और परिजनों सहित गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।




