अलवर में पेड़ पर लटका मिला पैंथर, शिकारी के ‘सुअर वाले फंदे’ ने ली बेगुनाह की जान

तड़प-तड़प कर हुई मौत, पेड़ पर लटका रहा शव

अलवर/राजस्थान। अलवर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शिकार के क्रूर जाल ने एक दो साल के पैंथर की जान ले ली। वन नाका प्रतापगढ़ के अंतर्गत झिरी ग्राम पंचायत के पास एक पैंथर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि वन विभाग ने इस मामले को दो दिनों तक दबाए रखा, लेकिन अब शिकारी पुलिस की गिरफ्त में है।
26 जनवरी की शाम ग्रामीणों ने एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर देखा। शाखा के गुवाड़ा गांव में एक पैंथर पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. मनोज मीणा ने बताया कि पैंथर के पेट पर रस्सी का फंदा लगा था। फंदे में फंसने के बाद पैंथर जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़ा, लेकिन रस्सी डाल में उलझ गई। करीब 3-4 घंटे तक पैंथर का मुंह नीचे की ओर लटका रहा और वजन के कारण दम घुटने से उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
जांच के दौरान मामला पूरी तरह संदिग्ध लगने पर डीएफओ आर के हुड्डा के निर्देश पर टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ की। शक के घेरे में आए स्थानीय निवासी प्रभुदयाल मीणा को हिरासत में लिया गया। सख्त पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने खेत में फसल को सूअरों से बचाने के लिए फंदा लगाया था, जिसमें अनजाने में पैंथर फंस गया। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। हैरानी की बात यह रही कि 26 जनवरी की घटना होने के बावजूद वन विभाग की टीम ने इसे मंगलवार तक सार्वजनिक नहीं किया। बुधवार को जब उच्चाधिकारियों ने मौका मुआयना किया और पोस्टमार्टम हुआ, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। अब विभाग इस क्षेत्र में अवैध फंदों को लेकर सर्च ऑपरेशन चला रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button