एलपीजी से पान मसाला और फास्टैग तक: 1 फरवरी से देश में होंगे 5 बड़े बदलाव
बजट के साथ ही जेब पर पड़ेगा असर

नई दिल्ली/एजेंसी। जनवरी का महीना अब खत्म होने वाला है और फरवरी की शुरुआत आम बजट के साथ होने जा रही है। नया महीना देशभर में कई अहम बदलाव लेकर आएगा, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब पर पड़ेगा। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर तंबाकू उत्पादों पर टैक्स, फास्टैग नियम और बैंक छुट्टियों तक 1 फरवरी 2026 से कई नए नियम लागू होने वाले हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही 5 बड़े बदलाव, जो हर घर को प्रभावित कर सकते हैं।
पहला बदलाव:- हर महीने की तरह 1 फरवरी 2026 को भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के नए दाम जारी करेंगी। खासतौर पर 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों पर लोगों की नजर रहेगी। पिछले कुछ महीनों से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बदलाव हो रहा है। 1 जनवरी को दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 14.50 रुपये सस्ता होकर 1804 रुपये हो गया था।
दूसरा बदलाव:- एलपीजी के साथ ही 1 फरवरी को एयर टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की नई कीमतें भी घोषित होंगी। एटीएफ के दामों में बदलाव का असर हवाई यात्रा के खर्च पर पड़ता है। 1 जनवरी को एटीएफ की कीमतों में कटौती हुई थी और दिल्ली में यह करीब 7% तक सस्ता हुआ था। इसके अलावा, सीएनजी और पीएनजी के दामों में भी बदलाव संभव है, जिससे वाहन चालकों और घरेलू उपभोक्ताओं पर असर पड़ सकता है।
तीसरा बदलाव:- 1 फरवरी 2026 से तंबाकू उत्पादों और पान-मसाला पर अतिरिक्त टैक्स लगाया जाएगा। इससे इनके दाम बढ़ने तय माने जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने जीएसटी क्षतिपूर्ति उपकर की जगह नया उत्पाद शुल्क और उपकर अधिसूचित किया है। इसके तहत जीएसटी के अलावा पान-मसाला पर स्वास्थय एवं राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर भी लगाया जाएगा।
चौथा बदलाव:- फास्टैग इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 फरवरी से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। एनएचएआई ने कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय केवाईसीवेरिफिकेशन की प्रक्रिया बंद कर दी है। इस बदलाव से नए फास्टैग लेने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
पांचवां बदलाव:- फरवरी महीने की शुरुआत छुट्टी से हो रही है। अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें। आरबीआई की वेबसाइट पर जारी सूची के अनुसार, साप्ताहिक अवकाश और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे अवसरों को मिलाकर फरवरी में करीब 10 दिन बैंक बंद रहेंगे।




