पुलिस जीप से उतरे इंस्पेक्टर ने दुकानदार को जड़ दिया थप्पड़

सीसीटीवी में कैद हुई घटना, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। सीएम सिटी गोरखपुर में एक पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा व्यापारी को थप्पड़ मारे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा मचा हुआ है। एक तरफ जहां व्यापार संगठन इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहा है, तो वहीं एसएसपी द्वारा मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है। घटना के बाद से व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कोतवाली रोड का है। यहां बुधवार की शाम एक व्यापारी दुकान पर माल उतरवा रहा था। आरोप है कि माल लदी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। इसी बीच कोतवाली इंस्पेक्टर अरविंद राय अपनी सरकारी जिप्सी से वहां पहुंचे और गाड़ी से उतर कर व्यापारी को थप्पड़ मार दिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
इस घटना के बाद से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। लोग इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घंटना की जानकारी जैसे ही एसएसपी गौरव ग्रोवर को हुई, तो उन्होंने सीओ के नेतृत्व में 3 सदस्य कमिटी का गठन करते हुए जांच बैठा दी है। और सीसीटीवी फुटेज एवं विभागीय जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
हालांकि इस मामले में पुलिस की तरफ से अभी कोई बयान जारी नही किया गया है। मिली जानकारी और आरोप के मुताबिक व्यापारी द्वारा गाड़ी से माल उतारे जाने के दौरान, इंस्पेक्टर साहब का काफिला गुजर रहा था। काफिला निकलने में जब दिक्कत महसूस हुई तो इंस्पेक्टर साहब ने बगैर कुछ कहे पूछे वर्दी का रौब झाड़ते हुए व्यापारी को थप्पड़ मार दिया।वहीं व्यापारियों का कहना है कि कोतवाली रोड पर थोक व्यापारियों की दुकानें हैं। क्योंकि रास्ता सकरा है और आगे कोतवाली थाना है। आए दिन यहां जाम की स्थिति रहती है। इंस्पेक्टर साहब को यदि निकलने में दिक्कत थी, तो उन्हें व्यापारी को गाड़ी हटाने के लिए बोलना चाहिए था। ना कि सीधे गाड़ी से उतरकर थप्पड़ मार देना, कहीं से भी उचित नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button