गुरुग्राम से मेयर बनीं भाजपा की राजरानी, खुशी से झूम उठे कार्यकर्ता
BJP's Rajrani became the mayor of Gurugram, workers rejoiced

गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के मेयर पद के चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी राजरानी ने जीत हासिल की है। राजरानी की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। गुरुग्राम नगर निगम की मेयर बनीं राजरानी को 2,70,781 वोट मिले हैं। उधर, नगर निगम गुरुग्राम वार्ड 27 से भाजपा प्रत्याशी आशीष गुप्ता ने जीत दर्ज की है।
हरियाणा के 10 नगर निगमों सहित 38 स्थानीय निकायों में ‘शहर की सरकार’ बनने का इंतजार अब खत्म हो गया है। दो और नौ मार्च को दो चरणों में हुए निकाय चुनाव के परिणाम के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई और शाम तक लगभग सभी जगह नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
10 में से पांच निगमों में मेयर पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, अंबाला और यमुनानगर शामिल हैं। अधिकतर निकायों में भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। वहीं, भाजपा को जहां केंद्र और प्रदेश के बाद अब निकायों में भी सरकार बनने का भरोसा है तो गुटबाजी में फंसी कांग्रेस को चमत्कार की उम्मीद है। गुरुग्राम और अंबाला में मेयर पद पर भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर है, क्योंकि कोई तीसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं है।
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि व्यापक प्रबंध कर लिए गए हैं। चुनावी रण में भाजपा ने मेयर पद के लिए छह तो कांग्रेस ने पांच महिलाओं पर दांव खेला है। तीन नगर निगमों में मेयर पद के लिए भाजपा का अपने ही बागियों से मुकाबला है, जो कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इनमें गुरुग्राम से मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा, रोहतक से सूरजमल किलोई और करनाल से प्रत्याशी मनोज वधवा शामिल हैं।




