प्यार के खिलाफ खड़ा हुआ परिवार, झांसी पुलिस ने कराई प्रेमी जोड़े की मंदिर में शादी

झांसी/उत्तर प्रदेश। रक्सा थानाक्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े ने शादी करने का प्लान बनाया तो उनके परिवार के लोग इसमें बाधक बनने लगे। बात थाने तक पहुंच गई तो पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया। लड़का-लड़की दोनों के बालिग होने के कारण पुलिस ने दोनों के परिवार के लोगों को बुलाकर प्रेमी युगल की शादी को लेकर सहमति बनाई। दोनों पक्ष इस बात के लिए तैयार हो गए और पास में ही स्थित मंदिर में दोनों की शादी कराई गई।
अंबाबाय गांव के रहने वाले 23 वर्षीय दीपक अहिरवार का ग्राम बजाना की रहने वाली शिवानी अहिरवार से पिछले लगभग ढ़ाई सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इन दोनों की मुलाकात एक रिश्तेदारी में हुई थी और वहीं से इनकी जान पहचान बढ़ती गई। प्रेम संबंध के बारे में घर वालों को किसी तरह की जानकारी नहीं थी। कुछ दिनों पहले शिवानी के परिवार के लोगों ने उसकी दूसरी जगह शादी तय कर दी। जब इस बात की जानकारी दीपक को हुई तो वह अपने घर से भाग निकला। उसके परिवार के लोगों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी।
पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो जानकारी हुई कि दीपक का शिवानी से प्रेम प्रसंग है। इस आधार पर शिवानी से पूछ्ताछ की गई तो उसने स्वीकार कर लिया। इस बीच खोजबीन में जुटी पुलिस ने दीपक को बरामद कर लिया और थाने लाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग थाने बुलाए गए। यहां दोनों पक्षों में शिवानी और दीपक के विवाह को लेकर सहमति बन गई। थाने से कुछ दूसरी पर स्थित करौंदी माता मंदिर पर दोनों ने जयमाला डालकर शादी कर ली।
दीपक अहिरवार के रिश्तेदार राकेश ने बताया कि दोनों में ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पक्षों के लोग थाने आए थे। यहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में राजीनामा हुआ। इसके बाद दोनों के परिवार के लोग थाने से सीधे मंदिर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के परिवार के लोगों की मौजूदगी में शादी कराई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button