सहारनपुर में एक लाख की सुपारी देकर सगे भाई की करा दी हत्या

सहारनपुर/उत्तर प्रदेश। सहारनपुर में युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक के सगे भाई ने खूनी रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने साले के साथ मिलकर ही छह बीघा जमीन के लिए उसकी सुपारी देकर हत्या कराई थी। पुलिस ने आरोपी जीजा साले को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शूटर अभी तक फरार है, पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि 30 नवंबर को बड़ागांव थाना क्षेत्र में किसान देवेंद्र की खेत पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता सतेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ अपने बेटे की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर तीन टीमें गठित की गई थी। इस मामले का सहारनपुर पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस को शक था हत्या में किसी नजदीकी का हाथ है। शक के आधार पर पुलिस ने मृतक के छोटे भाई नोएडा निवासी जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने संपत्ति के विवाद में भाई की हत्या कराना स्वीकार किया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि प्रॉपर्टी को लेकर देवेंद्र के साथ उसका झगड़ा चल रहा था और देवेंद्र उसे गांव में नहीं रहने देता था। इसलिए उसने भाई की हत्या करने के लिए अपने साले सन्नी की मदद ली। सनी ने शूटरों से एक लाख रुपए में सौदा कराया था। शूटरों को जितेंद्र ने एडवांस 25 हजार रुपये दिए थे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि देवेंद्र और जितेंद्र के पिता सतेंद्र के पास 36 बीघा जमीन है। सतेंद्र ने 15 बीघा देवेंद्र के बेटों और 15 बीघा भूमि जितेंद्र के नाम कर दी थी। इसके बाद छह बीघा जमीन को लेकर दोनों भाईयों के बीच विवाद चल रहा था। छह बीघा जमीन के लिए देवेंद्र की हत्या की गई। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शूटर फरार है, उनकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button