एसबीआई ग्राहक हो जाएं सावधान! पेंशन के नाम पर आएगा कॉल और खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट? रखें इन बातों का ध्यान

बिजनेस डेस्क/नई दिल्ली। इस समय मार्केट में एक नए तरह का फ्रॉड देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों को इस नए प्रकार की धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है। बैंक ने सार्वजनिक हित में चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि साइबर ठग अब ग्राहकों के बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर को बदलवाकर धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहे हैं।
ठग कॉल या एसएमएस के जरिए यह कहते हैं कि “आपके पेंशन ऑर्डर की प्रोसेसिंग जल्दी करने के लिए लिंक पर क्लिक करें” या फिर यह धमकी देते हैं कि “पेंशन का वेरिफिकेशन लंबित है, तुरंत कार्रवाई न करने पर पेंशन बंद कर दी जाएगी”। इस तरह वे ग्राहक से प्राइवेट जानकारी या लिंक पर क्लिक करवाकर उनके खाते तक पहुंच बना लेते हैं। एसबीआई ने साफ कहा है कि बैंक कभी भी फोन, एसएमएस, लिंक या एटीएम विजिट के जरिए पीपीओ वेरिफिकेशन नहीं करता। किसी के साथ अपना यूजरनेम, पासवर्ड, एटीएम पिन या ओटीपी साझा न करें। बैंकिंग एप केवल गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही डाउनलोड/अपडेट करें।
किसी भी संदेह की स्थिति में अपने नजदीकी शाखा से संपर्क करें या बैंक के कस्टमर केयर नंबर 18001234 / 18002100 पर कॉल करें। साइबर अपराध की रिपोर्ट करने के लिए 1930 नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
किसी भी संदिग्ध एसएमएस/व्हाट्सऐप लिंक पर क्लिक न करें और ईमेल अलर्ट को ध्यान से पढ़ें। एसबीआई ने ग्राहकों को याद दिलाया है कि “आपका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर आपके बैंक खाते की चाबी है। इसे सुरक्षित रखें और धोखाधड़ी से बचें।” बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1600 से आने वाली कॉल्स वास्तविक और सुरक्षित होती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button