विधवा नूरजहां ने एएसपीसे कहा- मेरे यहां बिजली नहीं, फिर खाकी ने दिखाई दरियादिली और कर दिया घर रोशन

बुलंदशहर,(उत्तर प्रदेश)। बुलंदशहर के औरंगाबाद में 65 साल की विधवा नूरजहां की आंखें बिजली की रोशनी की राह देखते-देखते कमजोर हो गई, लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं मिला। गांव में हुई मिशन शक्ति की बैठक में नूरजहां ने एएसपी अनुकृति शर्मा के सामने अपना दुखड़ा सुनाया तो खाकी का दिल पसीजा और नूरजहां के घर को रोशन करने के लिए धनराशि एकत्रित की गई और ईद से पहले सोमवार को नूरजहां का घर रोशन हो गया। पहली बार बिजली से घर रोशन हुआ तो नूरजहां की आंखें भी भर आई।
अगौता थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी निवासी 65 वर्षीय नूरजहां विधवा है। सरकार भले ही गरीबों के घर बिजली से रोशन करने, फ्री बिजली कनेक्शन देने का दावा करती रही है, लेकिन नूरजहां के घर को रोशन नहीं किया जा सका था। पिछले दिनों गांव में मिशन शक्ति के तहत एएसपी अनुकृति शर्मा ने शिविर लगाया तो नूरजहां भी शिविर में पहुंच गई और घर में बिजली कनेक्शन न होने की शिकायत एएसपी को सुना दी। एएसपी ने नूरजहां को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके घर बिजली आएगी, लेकिन ग्रामीणों को लगा कि हर बार की तरह पुलिस की ओर से केवल आश्वासन देकर खानापूर्ति कर ली गई है।
लेकिन एएसपी ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि घर में बिजली कनेक्शन के लिए कार्रवाई की जाए, जिस पर पुलिसकर्मियों ने आवश्यक धनराशि मिलजुलकर एकत्रित की और नूरजहां के घर बिजली कनेक्शन कराया गया। सोमवार को एएसपी की मौजूदगी में नूरजहां के घर बिजली की सप्लाई चालू करते हुए एलईडी लाइट और पंखा भी लगाया गया। पहली बार जब नूरजहां के घर में बिजली की रोशनी आई तो नूरजहां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। इस दौरान एएसपी ने नूरजहां को गले लगाया और मिठाई खिलाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button