कानपुर देहात में डबल मर्डर, रिटायर्ड टीचर की तीसरी पत्‍नी और पिता की हत्‍या

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर देहात जिले के अमरौधा में बुधवार रात रिटायर्ड शिक्षक के पिता और नव विवाहित पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शिक्षक के गर्दन और शरीर पर कई वार किए गए हैं। उनकी हालत नाजुक है। उन्हें हैलट अस्पताल कानपुर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि इसके पीछे रिटायर्ड शिक्षक का अपनी से आधी उम्र की लड़की से तीसरी शादी करना है। यह शादी दो महीने पहले ही हुई है। उनकी इस शादी से पहली और दूसरी शादी से हुए बच्‍चे नाराज थे। वह परिवार से दूर रहते थे।
अमरौधा कस्बा के टंडन बाजार मोहल्ले में रहने वाले विमल द्विवेदी (62) अंगदपुर गांव स्थित सहायता प्राप्त इंटर कालेज में शिक्षक थे। वह दो माह पहले रिटायर हुए थे। इसके बाद उन्होंने जगम्मनपुर गांव की खुशबू (30) से कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद अमरौधा स्थित घर में पिता रामप्रकाश द्विवेदी (85) पत्नी खुशबू और पहली पत्नी की 22 वर्षीय मानसिक बीमार बेटी के साथ रहते थे। रात में विमल के पिता रामप्रकाश और पत्नी खुशबू की धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी गई। हमलावरों ने विमल की गर्दन और शरीर में कई वार किए। उनकी सांसें चल रहीं थीं। नाजुक हालत में उन्हें कानपुर हैलट भेजा गया।
जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे रिटायर्ड शिक्षक विमल दुबे की लाइफ स्टाइल किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं हैं। कहते शिक्षक समाज का पथ प्रर्दशक होता है लेकिन विमल दुबे इससे बेपरवाह थे। विमल पर एक बार हमला हुआ था तो पहली पत्नी ने उनके आगे खड़े होकर खुद गोली खाकर विमल की जान बचाई थी। उनकी मौत के बाद विमल ने दूसरी शादी की। इस बीच करीब दो वर्ष पहले विमल का एक्सीडेंट हो गया। घटना के दौरान उनकी शिष्या मौजूद थी। उसने अस्पताल से लेकर घर तक उनकी सेवा की। इस पर गुरुजी का दिल उस पर आ गया और तीसरी शादी कर ली। बहरहाल, इस डबल मर्डर के आरोपी शिक्षक के दोनों बेटों के पुलिस हिरासत में होने की खबर है। हालांकि, पुलिस ने इस पर अभी कुछ नहीं कहा है।
टंडन बाजार अमरौधा के विमल दुबे (63) के पिता राम प्रकाश (85) और विमल की नवविवाहित पत्नी खुशबू (30) की बुधवार रात हत्या कर दी गई है जबकि विमल की हालत नाजुक है। इस घटना के बाद विमल के लाइफ स्टाइल की चर्चा हो रही है। दरअसल विमल की जिंदगी में प्रेम प्रसंग के किस्से तमाम हैं। स्थानीय लोग बताते हैं कि उनकी रंगीनमिजाजी का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वह जिस इंटर कालेज में शिक्षक थे वहां कई शिष्याओं से उनके प्रेम संबंध रहे। रिटायरमेंट के बाद अपने से आधे उम्र की अपनी शिष्या खुशबू से ही शादी कर ली। कहते हैं कि विमल की बेटियों से भी खुशबू छोटी थी, जिसे उन्होंने पत्नी बना लिया। समाज के डर से बेखौफ विमल ने ऐसा करने पहले एक भी बार नहीं सोचा।
अपनी प्रिय शिष्या को नकल कराने में पकड़े गए
अमरौधा के लोगों ने बताया कि विमल दुबे बोर्ड परीक्षा के दौरान एक बार अपनी प्रिय शिष्या को नकल करा रहे थे। वह नकल कराने में इतने मशगूल हो गए है कि उनके पास कब फ्लाइंग स्‍क्‍वॉड प्रभारी डीआईओएस आकर खड़े हो गए उन्हें पता ही नहीं चला। रंगे हाथ नकल कराते डीआईओएस ने शिक्षक को पकड़ लिया। इससे कालेज में हडकंप मच गया। हालांकि कालेज के प्रबंधक और तत्कालीन अन्य प्रतिष्ठित स्थानीय लोगों ने अनुरोध कर शिक्षक पर कार्रवाई होने से बचा लिया था। शिक्षक के इस किस्से के भी चर्चे पूरे जिले में हुए थे।
विमल की जान बचाने के लिए पत्नी ने खाई थी गोली
विमल दुबे शिक्षण कार्य के दौरान शुरुआती दौर में खेती भी करते थे। लोग बताते हैं कि करीब 25 वर्ष पहले विमल का गांव के कुछ लोगों से खेत की सिंचाई के दौरान विवाद हो गया था। इस पर विमल ने अवैध तमंचे से उन पर फायर कर दिया था। इसके बदले में विमल पर हमला हुआ था। हमलावरों ने अमरौधा स्थित घर पर धावा बोल दिया था और विमल को मारने की नियत से फायरिंग की। इसमें विमल को पीछे कर उनकी पत्नी आगे आ गई थीं इससे गोली उनकी बांह में लगी थी। वह घायल होकर गिर गई थीं। हमलावर भाग गए थे।
दो शादियों से नहीं भरा मन तो शिष्या से कर ली शादी
विमल दुबे का करीब दो साल पहले भोगनीपुर चौराहे पर एक्सीडेंट हो गया था। उनकी बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी थी। वह गिर गए थे ट्रक का पहिया विमल के पैर को कुचलते हुए निकल गया था। इस घटना के दौरान उनकी शिष्या खुशबू संयोग से वहां मौजूद थी। उसने तत्काल अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी थी। विमल लखनऊ में कई माह भर्ती रहे इस बीच उनकी शिष्या खुशबू भी साथ रही। फिर जब विमल डिस्चार्ज होकर घर आए तो खुशबू भी उनके घर जाकर सेवा करने लगी। इसी बीच विमल का दिल खुशबू पर आ गया और रिटायरमेंट के बाद खुशबू से कोर्ट मैरिज कर ली, जबकि खुशबू को विमल ने हाईस्कूल तक पढ़ाया था।
रिटायरमेंट के बाद मिली रकम भी हो सकती है वजह
स्थानीय लोग बताते हैं कि विमल के रिटायरमेंट पर फंड की मोटी रकम मिली थी। विमल के पहली और दूसरी पत्नी के बेटे अक्षत दुबे और ललित दुबे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि रिटायरमेंट के बाद पिता ने तीसरी शादी कर ली और मिली रकम उसी पर खर्च कर रहे थे, जबकि बेटों को उम्मीद थी कि पिता उनकी मदद करेंगे। तीसरी शादी के बाद बेटों को लगा कि उन्हें अब प्रापर्टी में कोई हिस्सा नहीं मिलेगा। शिक्षक के बेटे ललित और अक्षत को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बेटे का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह कह रहा है कि पिता ने 28 साल की लड़की से शादी कर ली। उसके भी हाथ जोड़े लेकिन वह भी नहीं मानी। उसने किचेन नाइफ और पत्थर से हत्या करने की बात स्वीकार की है। बेटों ने बताया कि वे पिता की ‘चरित्रहीनता’ से परेशान हो चुके थे। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि आरोपी हरियाणा भागने की फिराक में थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button