वाराणसी में ज्वैलरी दुकान से आभूषण चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, सामान बरामद

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। थाना कैंट पुलिस ने पांडेयपुर स्थित ज्वैलरी की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हुई महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए आभूषण भी बरामद किए हैं। प्रभारी निरीक्षक कैंट शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्ता शीला देवी (42) पत्नी सोनू विश्वकर्मा, निवासी सिकिया थाना नारायनपुर जनपद मीरजापुर को दिनांक 19 फरवरी 2026 को शाम 5:05 बजे थाना कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं विधिक कार्रवाई के दौरान चोरी के आभूषणों की बरामदगी की गई।
पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को लालपुर-पांडेयपुर स्थित ए.के. ज्वेलर्स की दुकान पर शीला देवी गहने खरीदने के बहाने पहुंची थी। दुकानदार द्वारा गहने दिखाए जा रहे थे। इसी दौरान जब दुकानदार अन्य ग्राहक में व्यस्त हो गया, तो महिला ने मौका पाकर छलपूर्वक कुछ आभूषण चुरा लिए और वहां से फरार हो गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने अभियुक्ता के पास से सोने का एक जोड़ा टॉप्स, एक नथिया, दो जोड़ा कान की बाली, एक जोड़ी कान की छाली (पीली धातु), दो अंगूठी (कुल वजन 16.455 ग्राम पीली धातु) तथा चांदी का एक कड़ा (वजन 55.380 ग्राम) बरामद किया। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक आरती गोंड, बलवंत कुमार एवं कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




