झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में फिर मिला वर्ल्ड वॉर का बम, पानीपोड़ा गांव में दहशत का माहौल

पूर्वी सिंहभूम जिले के पानीपोड़ा गांव में संदिग्ध बम मिलने से इलाके में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि संदिग्ध बम वर्ल्ड वॉर के समय का हो सकता है। इस तरह के एक बम को पिछले महीने सेना की ओर से निष्क्रिय किया गया था।
पूर्वी सिंहभूम/झारखंड। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र में एक बार फिर संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु मिलने से दहशत का माहौल बन गया है। बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव में बुधवार रात स्वर्णरेखा नदी के किनारे द्वितीय विश्व युद्ध काल का संदिग्ध बम मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी मज गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी इसी नदी से एक जिंदा बम बरामद हुआ था। सूचना मिलने पर इंडियन आर्मी की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान टीम को एक और बम मिला था, जिसमें बारूद नहीं था। इसके बाद दोनों बमों को करीब 10 से 15 फीट गहरे गड्ढे में रखकर नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया था।
उस समय विशेषज्ञों ने आशंका जताई थी कि स्वर्णरेखा नदी के किनारे इस तरह के पुराने बम और भी हो सकते हैं। अब एक बार फिर उसी स्थान से अमेरिका निर्मित एक और बम मिलने की खबर ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
व्यापक जांच और सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग
लगातार मिल रहे इन बमों को देखते हुए ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्यापक जांच और सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एहतियात के तौर पर इलाके को सुरक्षित कर दिया गया है और लोगों को नदी के आसपास जाने से मना किया गया है।




