मोबाइल लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों को लोगों ने दबोचा, जमकर की धुनाई

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के भारत माता चौक के पास शनिवार शाम को युवक से बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने पीछा कर लोगों की मदद से आरोपितों को दबोच लिया। लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों से मोबाइल, चोरी की बाइक बरामद कर जेल भेज दिया है। आनंद कुमार शालीमार गार्डन एक्सटेंशन एक में परिवार के साथ रहते हैं। दर्ज कराई रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे भाटी चौक से भारत माता चौक होते हुए अपने घर लौट रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए और उनसे मोबाइल लूट लिया। वह शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर बदमाशों को घेर कर दबोच लिया। उनकी मौके पर जमकर धुनाई की।
पीड़ित ने दोनों को भीड़ से बचाया और पुलिस को सूचना दी। बदमाशों के पास से लूट का मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस दोनों को पकड़ कर थाने ले आई। जांच में बाइक चोरी की निकली। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपित जनकपुरी के बी ब्लाक का यश कुमार और दूसरा जनकपुरी के सी ब्लाक का यश है।
एक दिन पूर्व भी लोगों ने दबोचा था लुटेरा
करनगेट पुलिस चौकी के पास आटो सवार युवक से बदमाश ने मोबाइल लूट लिया था। पीड़ित ने चालक की मदद से आरोपित का पीछा कर लुटेरे को दबोचा था। लोगों ने उसकी धुनाई कर पुलिस को सौंपा था। उसके पास से लूट का मोबाइल बरामद हुआ था।
शालीमार गार्डन सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर लूटा गया मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद की है। अन्य जानकारी की जा रही है।




