कर्नाटक में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरा, महिला और बेटी की मौत

बेंगलुरु,(कर्नाटक)। बेंगलुरु में आउटर रिंग रोड पर नागवारा के पास मंगलवार सुबह एक निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिर जाने से एक महिला और उसके एक बच्चे की मौत हो गई। जहां महिला और उसके ढाई साल के बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं उसके पति और बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के समय चारों बाइक पर सवार थे। भीमाशंकर एस गुलेड डीसीपी पूर्वी बेंगलुरु ने कहा कि आज सुबह करीब 10:45 बजे, जब दंपति अपने जुड़वा बच्चों के साथ हेब्बल की ओर जा रहे थे, तभी बाइक पर मेट्रो का पिलर गिर गया। मां तेजस्विनी और बेटा विहान गंभीर रूप से घायल हो गए। एल्टिस अस्पताल में शिफ्ट किया गया जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। डीसीपी ने कहा कि फोरेंसिक एक्सपर्ट घटना स्थल पर हैं और जांच कर रहे हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ‘40% कमीशन’ सरकार का परिणाम है। घटना आज सुबह बेंगलुरु के नागवारा इलाके की है।
हादसे में महिला तेजस्वनी और उसका बेटा विहान गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। तेजस्वनी के पति लोहित और बेटी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कहा कि लोहित बाइक चला रहा था और तेजस्विनी पीछे बैठी थी, दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। घटना में मरने वाली महिला के ससुर विजयकुमार ने कहा कि मेट्रो पिलर निर्माण के प्रभारी ठेकेदार ने सुरक्षा उपाय नहीं किए। घटना स्थल पर निर्माण कार्य तुरंत रुकना चाहिए।
इस घटना से शहर में भारी प्रोटेस्ट हुआ और लोगों ने गड्ढों की समस्या की शिकायत की। इस दुर्घटना के लिए विपक्ष द्वारा राज्य सरकार की आलोचना करने के साथ राजनीतिक गतिरोध भी छिड़ गया। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा कि यह ‘40% कमीशन’ सरकार का परिणाम है। विकास कार्यों में कोई गुणवत्ता नहीं है। बीजेपी ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी। कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि हम जांच करेंगे कि घटना कैसे हुई, और प्रभावित परिवार को मुआवजा देंगे।
बीएमआरसीएल के एमडी अंजुम परवेज ने कहा कि जब निर्माण की बात आती है तो हम उच्चतम गुणवत्ता मानकों का पालन करते हैं, विस्तृत जांच की जाएगी और देखेंगे कि यह तकनीकी त्रुटि थी या मानव निर्मित। ऐसी घटनाओं को फिर से होने से रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। सड़क पर पिलर गिर गया और एक महिला व उसका बच्चा बुरी तरह घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ितों के परिजनों को 20 लाख की अनुग्रह राशि देंगे।




