इंदौर में महिला को सरेआम बेल्ट और लात-घूंसों से पीटने के आरोप में तीन युवतियां गिरफ्तार

इंदौर,(मध्य प्रदेश)। इंदौर में चार लड़कियों के एक समूह ने एक लड़की के साथ सरेआम बेल्ट और लात-घूसों से मारपीट की थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। साथ ही पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इंदौर पुलिस ने चार में से तीन लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने बताया है कि मैं उनमें से एक के बॉयफ्रेंड से बात कर रही थी। वह पहले से मेरा दोस्त था। इसी को लेकर ये भड़क गईं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों में शामिल मेघा मालवीय, टीना सोनी और पूनम अहिरवार को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 294 (गाली-गलौज), 323 (मारपीट), 506 (धमकाना) और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला की मेडिकल जांच में पाया गया कि उसे गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद प्राथमिकी में भारतीय दंड विधान की धारा 307 (हत्या का प्रयास) जोड़ी गई है। घटना के वायरल वीडियो में चार युवतियां पीड़ित महिला को पकड़ कर उसके साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने प्राथमिकी में केवल तीन युवतियों के नाम लिखाए हैं और पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।




