गाजियाबाद में चला ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’, दो इलाकों में गरजा प्रशासन का बुलडोजर
कौशांबी और वैशाली सेक्टर चार में नगर निगम ने चलाया बुलडोजर।

गाजियाबाद। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को कौशांबी और वैशाली सेक्टर चार बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो सभी शांत हो गए। वहीं, साहिबाबाद सब्जी मंडी के गेट के बाहर कार्रवाई के एक दिन बाद फिर से ट्रक सड़क पर खड़े हो गए। निगम ने इनको भी हटवा दिया। नगर निगम को शिकायत मिली थी कि वैशाली सेक्टर चार में अवैध रूप से कुछ लोगों ने अस्थायी दुकान लगा ली।
आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। निगम की टीम शुक्रवार को वैशाली सेक्टर चार पहुंची तो लोग अपनी-अपनी दुकानों को हटाने लगे। कुछ लोग अपना सामान लेकर जाने लगे। बुलडोजर चलाकर 30 से अधिक दुकानों को ध्वस्त कर दिया।
लोगों ने निगम पर ही अस्थायी दुकानों को लगवाने और फिर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाया। इसके बाद निगम की टीम कौशांबी पहुंची। कौशांबी मेट्रो स्टेशन के आसपास से सभी ठेली-पटरी वालों को हटा दिया। इस दौरान लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस और प्रवर्तन दल ने सख्ती दिखाई तो सभी शांत हो गए।
निगम को सूचना मिली कि दो दिन पहले मंडी के बाहर अवैध रूप से खड़े जिन ट्रकों को हटाया था वह फिर खड़े होने लगे हैं। निगम की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक चालक को चेतावनी देकर छोड़ दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि निगम की सह पर ही शुक्रवार को ट्रक खड़े हुए थे। नगर निगम के जोनल प्रभारी सुनील राय ने बताया कि कौशांबी व वैशाली से अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। यदि दोबारा अतिक्रमण लगाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण के खिलाफ दिल्ली नगर निगम एक्शन मोड में नजर आ रही है। बवाना में करीब सात बीघा कृषि भूमि पर किए गए निर्माण को नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया।
निगम का कहना है कि कृषि भूमि पर प्लॉटिंग के इरादे से निर्माण हुआ था। अलीपुर इलाके के बकौली व हिरणकी में भी कृषि भूमि पर अवैध निर्माण गिराए गए। प्रशासन की ओर से की गई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में खलबली मच गई।




