जम्मू-कश्मीर के कठुआ में रिटायर्ड डीएसपी के घर लगी आग
6 की मौत, 4 गंभीर, दिल दहला देने वाला हादसा

श्रीनगर/एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में एक सेवानिवृत्त डीएसपी के घर में आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से जल गए हैं। बचाव प्रयासों के दौरान एक पड़ोसी भी घायल हो गया। मौत का कारण दम घुटना माना जा रहा है। कठुआ जीएमसी प्रिंसिपल एसके अत्री के अनुसार, सेवानिवृत्त सहायक मैट्रन के किराए के घर में आग लग गई। 10 लोगों में से 6 की मौत हो गई और 4 घायल हो गए। मौके पर पुलिस और अधिकारी पहुंचे हैं।
डीएसपी का घर कठुआ के शिवानगर इलाके में वॉर्ड नंबर 16 में है। बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर में आग लगी। घटना के समय सभी लोग घर में सो रहे थे। अधिकांश लोगों की मौत दम घुटने से बताई जा रही है। इस हादसे में जो चार लोग गंभीर हैं उनका इलाज जीएमसी कठुआ में चल रहा है।
यह हादसा सेवानिवृत्त डीएसपी अवतार कृष्ण (81) के घर में हुआ। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी होगी। सूत्रों ने कहा कि कड़ाके की ठंड में परिवार हीटर या कमरे को गर्म करने कि लिए ब्लोवर चलाकर सोया होगा। शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ? या आग लगने के अन्य कारणों की जांच होगी।
पुलिस ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई है उनमें खुद अवतार कृष्ण शामिल हैं। इसके अलावा शहीदी चौक कठुआ का रहने वाला गंगा भगत (17 वर्ष) और 15 साल का दानिश भी है। शिवा नगर की 25 वर्षीय बरखा रैना, उसकी 3 साल की बेटी तकश रैना और 4 साल का बेटा अद्विक रैना शामिल है। अस्पताल में 61 वर्षीय स्वर्णा, नीतु देवी (40 वर्ष), बटोत रामबन के अरुण कुमार और केवल कृष्ण शामिल हैं।



