आशिक ने कहीं का न छोड़ा!: शादी के सपने दिखा कराया तलाक, अलग-अलग जगह ले जाकर किया दुष्कर्म

पलवल,(गुरुग्राम)। पति से तलाक दिलाकर शादी करने का झांसा देकर गुरुग्राम निवासी महिला को पलवल लाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई तथा उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने महिला से 10 लाख रुपये भी हड़प लिए। महिला पलवल पुलिस के पास शिकायत करने पहुंची तो गुरुग्राम जाने को कहा गया। इसी प्रकार गुरुग्राम पुलिस ने मामले को पलवल का बताया। जिला पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद कैंप थाना पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
कैंप थाना प्रभारी उदयभान के अनुसार एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी मां की मौत के बाद बचपन में ही उसकी शादी हो गई थी। वह अपनी शादी से खुश नहीं थी। हिसार में उसकी दोस्ती गुरुग्राम निवासी नितिन से हो गई। नितिन उसे पलवल अदालत में एक वकील के पास लेकर आया। वकील ने कहा कि तुम्हारी शादी बालिग होने से पहले हुई है, इसलिए तलाक मिल जाएगा। नितिन से उसके पति के खिलाफ झूठी शिकायत लिखवाकर अदालत में याचिका दायर करवा दी। तलाक के बाद उसने शादी करने का झांसा दिया। उसके बाद वह नितिन के साथ रहने लगी। नितिन ने उससे शारीरिक संबंध बनाने चाहे तो उसने शादी से पहले संबंध बनाने से मना कर लिया।
नितिन ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट की। नितिन से उससे गाड़ी लेने का बहाना बनाकर 10 लाख रुपये हड़प लिए। मई 2022 में वह पलवल अदालत गई तो नितिन गाड़ी लेकर आया और पार्किंग में उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने पलवल, गुरुग्राम व खाटू श्याम ले जाकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी को बताने पर उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
वह पलवल महिला थाना शिकायत करने पहुंची तो उन्होंने गुरुग्राम पुलिस के पास जाने के लिए कहा। गुरुग्राम पुलिस ने मामले को पलवल का बताया और कार्रवाई नहीं की। काफी दिनों तक वह पुलिस थानों के चक्कर काटती रही।महिला का कहना है कि आरोपी नितिन के पास बंदूक है, जिसे दिखाकर वह जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस ने शिकायत के आधार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।




