परिवार संग घूमते, तेल लगाकर देते चोरी को अंजाम, मुरादाबाद में 11 वारदातों का खुलासा

Roaming with family, applying oil and committing theft, 11 incidents revealed in Moradabad

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। कुख्यात पंखिया गैंग एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार गैंग के तीन सदस्यों पिता, पुत्र और एक अन्य सहयोगी को सिविल लाइंस पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश मंगल सिंह को पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने मुरादाबाद जिले में चोरी की 11 घटनाएं कबूल की हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे कांठ रोड पर अगवानपुर फ्लाईओवर के नीचे संदिग्ध लोगों के छिपे होने की सूचना पर कार्रवाई की गई। जब पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया। घायल मंगल सिंह के साथ उसके बेटे कृष्ण कुमार उर्फ अंडू और साथी अशोक को भी गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों बदमाश बृहस्पतिवार की देर रात शेरुआ चौराहे पर एक सर्राफा व्यापारी की दुकान में चोरी की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शोर होने पर भाग निकले। शुक्रवार की देर रात फिर से वही चोरी की योजना बना रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस, 60,300 रुपये नकद, एक बाइक और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि गिरोह ने मूंढापांडे, ठाकुरद्वारा, छजलैट, मैनाठेर, सिविल लाइंस और कटघर थाना क्षेत्रों में वारदातें की हैं।
गिरोह का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि ये बदमाश अपने पूरे परिवार महिलाओं और बच्चों को साथ लेकर चलते हैं। दिन में पिकअप वाहन से गांवों में रेकी करते हैं और रात को शरीर पर तेल लगाकर चुने हुए घरों में चोरी करने घुसते हैं। ये लोग परिवार को रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और ढाबों पर छोड़ देते हैं, ताकि संदेह न हो।
गिरोह का इतिहास भी खौफनाक है। अशोक के खिलाफ विभिन्न थानों में 118 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कृष्ण कुमार के खिलाफ 21 और मंगल सिंह पर 11 मुकदमे हैं। कुछ समय पहले प्रयागराज में भी कृष्ण कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। पुलिस अभी गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों सुरेश और गिरधान, दोनों निवासी लखीमपुर खीरी, की तलाश में दबिश दे रही है।
गिरोह की सक्रियता सिर्फ मुरादाबाद तक सीमित नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये गैंग शाहजहांपुर, फैजाबाद, वाराणसी, मऊ, महोबा, पीलीभीत, प्रयागराज समेत कई जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। एसपी सिटी ने बताया कि इस सफल मुठभेड़ और खुलासे पर पूरी टीम को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button