कानपुर में ट्रैफिक दारोगा की बाइक पुलिस से बूथ से चोरी
ड्यूटी के बाद गायब मिली मोटरसाइकिल

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कानपुर में चोरों को अब पुलिस का भी खौफ नहीं रहा है। रामादेवी चौराहे पर तैनात टीएसआई बीते छह अगस्त की सुबह ड्यूटी करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक ओवरब्रिज के नीचे पुलिस बूथ पर खड़ी कर दी थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद टीएसआई बाइक लेने पहुंचे तो गायब मिली। दारोगा ने घटना की जानकारी चकेरी पुलिस को दी। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
रेल बाजार थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन निवासी अनिल कुमार टीएसआई के पद पर तैनात हैं। बीती छह अगस्त को उनकी ड्यूटी रामादेवी चौराहे पर लगी थी। टीएसआई अनिल कुमार ने अपनी बाइक पुल के नीचे पुलिस बूथ के बगल में खड़ी कर दी थी। इसके बाद अपनी ड्यूटी में लग गए। अनिल कुमार अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक उठाने पहुंचे तो बाइक गायब थी।
टीएसआई अनिल कुमार चौराहे के चारों तरफ बाइक को ढूंढ़ते रहे। इस दौरान उन्होंने अपने सहकर्मियों से भी बाइक के बारे में पूछा, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने बाइक चोरी की सूचना चकेरी थाने को दी। मौके पर पहुंची थाने की पुलिस ने भी जांच-पड़ताल की, लेकिन बाइक का कहीं कुछ भी पता नहीं चल सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है।
चकेरी थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला के मुताबिक, टीएसआई की तहरीर पर बाइक चोरी का केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही मुखबिरों को अलर्ट कर दिया गया है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।




