कानपुर में लुटेरी दुल्हन ने पहले पति को बताया नपुंसक, फिर सिपाही और जेल वार्डर को बनाया शिकार

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर से एक लुटेरी दुल्हन की करतूत सामने आई है। लुटेरी दुल्हन फेसबुक पर दोस्ती कर पहले प्रेमजाल में फांसती थी। इसके बाद शादी और फिर स्पाई कैमरे से अश्लील वीडियो बनाकर मोटी रकम वसूलती थी। पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। महिला कई लोगों को अपना शिकार बना चुकी है। लुटेरी दुल्हन का शिकार हो चुके जेल वार्डर की शिकायत पर पुलिस ने उसे अरेस्ट किया है। कल्यानपुर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन का पर्दाफाश करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
कानपुर देहात के पुखरायां निवासी शिवम सीतापुर जेल में वार्डर के पद पर तैनात हैं। शिवम की फेसबुक पर संगीता देवी उर्फ संगीता पाल से हुई थी। दोनों की दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। शिवम और संगीता ने बीते जून महीने में मंधना स्थित एक आर्यसमाज मंदिर में शादी कर ली। शादी में संगीता के पिता दयाराम, भाई प्रमोद पाल और भाभी बबिता भी शामिल हुई थीं। शादी के बाद शिवम कल्यानपुर में किराये का कमरा लेकर संगीता के साथ रहने लगा।
अश्लील वीडियो वायरल करने की दी धमकी
शादी के कुछ दिनों बाद संगीता 10 लाख कैश और एक मकान की मांग करने लगी। शिवम ने जब इसके लिए मना किया तो संगीता ने स्पाई कैमरे से उसके अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद उसका वीडियो वायरल करने और रेप की एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देने लगी। शिवम ने इसकी शिकायत संगीता के पिता, भाई से की तो उन्होंने भी दबाव बनाना शुरू कर दिया। शिवम नहीं चाहता था कि संगीता के आरोपों की वजह से नौकरी चली जाए।
कई लोगों से वसूली थी मोटी रकम
शिवम पर संगीता समेत पूरे परिवार ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन उसकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने कोर्ट के माध्यम से संगीता पर केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने जब इस प्रकरण की जांच की तो पता चला कि संगीता ने कई लोगों से शादी कर उनसे मोटी रकम वसूली है।
पहले पति को बताया नपुंसक
कानपुर देहात के रसूलाबाद में रहने वाली संगीता ने पहली शादी 2017 में आनंद बाबू से की थी। संगीता दो साल तक पहले पति के साथ रही। इस दौरान उसने पहले पति से लाखों रुपये की वसूली की। इसके बाद उसे नपुसंक बताकर बिना तलाक दिए छोड़ दिया था। संगीता ज्यादा पैसे कमाने के लालच में सरकारी कर्मचारियों को अपने जाल में फांसने लगी।
एमपी में तैनात सिपाही को जाल में फांसा
एमपी के शाहजहांनाबाद थाने में तैनात सिपाही विनय कुमार यादव से फेसबुक से दोस्ती कर ली। सिपाही विनय कुमार का कानपुर आना-जाना शुरू हो गया। इस दौरान संगीता ने सिपाही के अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करने लगी। संगीता ने कोर्ट के माध्यम से उस पर केस दर्ज करा दिया। समझौते के नाम पर संगीता ने सिपाही से 15 लाख रुपये वसूल लिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button