मथुरा के केनरा बैंक में दिनदहाड़े ‘मनी हाईस्ट’, 170000 लेकर उड़ गया युवक, आरोपी सीसीटीवी में कैद

मथुरा/उत्तर प्रदेश। गोवर्धन रोड स्थित केनरा बैंक में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक शातिर युवक बैंक मित्र का 1.70 लाख नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
ग्राम उन्दी निवासी बैंक मित्र निरंजन सिंह ने छाता कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वे बैंक में ओटीएस रिकवरी के कार्य में लगे हुए थे। उनका काले रंग का बैग बैंक काउंटर पर रखा हुआ था, जिसमें कुल ₹1,70,000 की नकद राशि थी।
लंच के बाद जब वह बैग लेने लौटे, तो बैग काउंटर से गायब मिला। बैंक स्टाफ और आसपास पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। बैंक प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि घटना लगभग दोपहर 12 बजे हुई। वीडियो में एक अज्ञात युवक बड़ी सहजता से बैग उठाकर बैंक से बाहर जाता दिखाई दिया। युवक की हरकतों से प्रतीत होता है कि उसने पूरा प्लान बनाकर चोरी को अंजाम दिया।
पीड़ित बैंक मित्र ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।




