अमरनाथ के लिए सात हजार से अधिक तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से रवाना

जम्मू,(एजेंसी)। दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ मंदिर के लिए सात हजार से अधिक तीर्थयात्रियों का एक और जत्था शुक्रवार सुबह यहां आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 226 वाहनों के काफिले में 7,245 तीर्थयात्री यहां भगवती नगर आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हुए। इनमें 4,880 पुरुष, 1,936 महिलाएं, 424 संत और छह बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 125 वाहनों के काफिले में 4,101 तीर्थयात्री पहलगाम के लिए निकले जबकि 3,144 तीर्थयात्रियों को लेकर 101 वाहनों का काफिला बालटाल आधार शिविर से रवाना हुआ।
उन्होंने बताया कि 30 जून से अब तक जम्मू आधार शिविर से 12 जत्थों में 72,789 तीर्थयात्री घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि एक जुलाई से अब तक कुल 1,62,569 तीर्थयात्री अमरनाथ मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। हिमालयी क्षेत्र में स्थित 3,888 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर की 62 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा एक जुलाई को शुरू हुई और यह 31 अगस्त तक चलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button