फतेहपुर में कपलिंग टूटने से पटरी से उतरी मालगाड़ी की बोगी, डीएफसी डाउन लाइन पर हुई घटना

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर से प्रयागराज की ओर डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेलवे लाइन पर जा रही मालगाड़ी की आखिरी बोगी कपलिंग टूटने के कारण पटरी से उतर गई। बोगी ट्रैक से उतरने पर लोको पायलट ने इसकी सूचना अफसरों को दी। इसके बाद अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बोगी को पटरी पर लाकर हटाया गया।
रविवार सुबह करीब पांच बजे एक मालगाड़ी कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी। मालगाड़ी डीएफसी लाइन से निकल रही थी। मालगाड़ी जैसे ही छीमी गांव के अंडरपास से 500 मीटर आगे निकली, अचानक पीछे वाली बोगी की कपलिंग टूट गई। इससे वह मालगाड़ी से अलग हो गई और उसके पीछे का पहिया पटरी से नीचे उतर गया। घटना में पहिए भी टूट गए। इसकी खबर मिलने पर खागा रेलवे स्टेशन से अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सूचना पर स्थानीय मझिलगांव चौकी से पुलिस बल भी पहुंचा। दोपहर तक मरम्मत कार्य के बाद बोगी हटाई गई। हादसा डीएफसी लाइन पर होने के कारण यात्री गाड़ियों के आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं हुई, हालांकि मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित रहा।




