दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर दूध लूटने की मची होड़
There is a race to loot milk on Delhi Meerut Expressway

गाजियाबाद। गाजियाबाद के थाना विजयनगर इलाके में नेशनल हाईवे 9 (दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे) पर मंगलवार की सुबह अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दिल्ली की तरफ आ रहे एक ट्रक ने दूध के टैंकर में पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच लोग दूध लूटने में जुट गए। यह सूचना स्थानीय पुलिस को मिली। पुलिस ने घायल अवस्था में कंडक्टर को अस्पताल पहुंचाया। ट्रक के ड्राइवर केशव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार कि सुबह करीब 3:30 बजे दिल्ली की तरफ से दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर दूध से भरा एक टैंकर (HR55R- 8599) जा रहा था। जब यह टैंकर करीब एबीईएस कॉलेज के सामने पहुंचा तो इसी दौरान दिल्ली की तरफ से ही तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक (UP14 JT -7903) ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में करीब 45 वर्षीय प्रेम सागर नाम के ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। कंडक्टर बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंडक्टर को अस्पताल पहुंचाया।
जैसे हादसा हुआ लोगों ने सड़क पर दूध फैलता देखा। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और टैंकर से निकल रहे दूध को अपनी बोतलों और बाल्टी में भरना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो जिस ट्रक ने पीछे से टैंकर में टक्कर मारी है, वह काफी तेज गति में था। इसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।




